सिरसा: पुलिस ने चूरापोस्त की खेप पकड़ी, पंजाब के दो तस्कर गिरफ्तार
सिरसा, 25 अप्रैल (हि.स.)। स्थानीय पुलिस ने मध्यप्रदेश से पंजाब ले जाई जा रही नशे की बड़ी खेप पकड़ी है। पुलिस के अनुसार पकड़े गए चूरापोस्त की कीमत करीब साढ़े सात लाख रुपये आकी गई है। पुलिस ने पंजाब निवासी दोनों तस्करों को ट्रक सहित गिरफ्तार कर लिया है।
कालांवाली के डीएसपी संदीप धनखड़ ने शनिवार को प्रेसवार्ता में इसका खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि मध्यप्रदेश से पंजाब की ओर नशे की बड़ी खेप जा रही है। सूचना पर पुलिस ने गांव आसाखेड़ा के निकट भारतमाला रोड पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी। इसी दौरान चौटाला की तरफ से एक ट्रक आता दिखाई दिया जो कि तिरपाल से ढक रखा था। पुलिस ने जांच की तो प्लास्टिक के थैलों में 52 किलोग्राम चूरापोस्त मिला, जिसकी बाजारी कीमत करीब साढ़े सात लाख रुपये है। उन्होंने बताया कि पकड़े गए तस्करों की पहचान पंजाब के बठिंडा निवासी रिम्पी सिंह व अरविन्दर सिंह के रूप में हुई।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चूरापोस्त मध्यप्रदेश से लाकर पंजाब में सप्लाई किया जाना था। आरोपियों के खिलाफ डबवाली थाना मेंं मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। डीएसपी ने बताया कि नशा तस्करों पर पुलिस की पैनी नजर है और नशे का काला कारोबार करने वालों के नेटवर्क को ध्वस्त किया जा रहा है।
इसके अलावा पुलिस ने एक नाबालिगा के अपहरण कर दुष्कर्म के गंभीर मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान जिला समस्तीपुर बिहारी निवासी गुंजन कुमार के रूप में हुई है। डिंग थाना में तैनात महिला उप निरीक्षक ने बताया कि पीडि़त के पिता की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में बताया गया कि अज्ञात युवक उनकी नाबालिग बेटी को रात्रि के समय बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया।
शिकायत प्राप्त होते ही पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान पुलिस टीम ने पीडि़ता को सकुशल बरामद कर लिया। पीडि़ता के बयानों एवं मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपी के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया।पुलिस की विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर आरोपी गुंजन कुमार को सिरसा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

