जींद: रोडवेज कर्मचारियों ने बस अड्डे पर मांगों को लेकर किया प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
जींद: रोडवेज कर्मचारियों ने बस अड्डे पर मांगों को लेकर किया प्रदर्शन


जींद, 27 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा रोडवेज कर्मचारी सांझा मोर्चा के आह्वान पर रोडवेज कर्मचारियों ने मंगलवार को बस अड्डा परिसर में प्रदर्शन किया और धरना दिया। प्रदर्शन के दोरान रोडवेज कर्मचारियों ने पांच और छह नवंबर को प्रस्तावित दो दिवसीय हड़ताल को सफल बनाने के लिए कमर कसी और सफल बनाने का संकल्प लिया। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि यह आंदोलन केवल कर्मचारियों के हितों तक सीमित नहीं है बल्कि सरकारी परिवहन व्यवस्था, सस्ती यात्रा और युवाओं के रोजगार को बचाने की लड़ाई भी है।

प्रदर्शनकारी कर्मियों को संबोधित करते हुए जयबीर घणघस, जगदीप लाठर, वीरेंद्र सिंह, अनूप लाठर ने कहा कि सरकार की निजी परमिट, किलोमीटर स्कीम और ठेके पर महंगी इलेक्ट्रिक बसें चलाने की नीतियां रोडवेज के भविष्य के लिए चिंता का विषय हैं। उन्होंने सरकारी बसों के बेड़े को बढ़ाने और स्थायी भर्ती करने की मांग उठाई। अनूप लाठर ने कहा कि निजी सोसायटी की बसों में बुजुर्गों, विद्यार्थियों और महिलाओं को सरकारी बसों में मिलने वाली सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। इससे आम यात्रियों को परेशानी होती है। उन्होंने मांग की कि प्रत्येक गांव तक सरकारी बस सेवा पहुंचाई जाए। स्कूल और कॉलेज के समय छात्राओं के लिए अलग से स्पेशल सरकारी बसें चलाई जाएं, ताकि वे सुरक्षित तरीके से शिक्षण संस्थानों तक पहुंच सकें। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि सरकार को सात सूत्रीय मांगपत्र सौंपा गया है। इसमें रोडवेज का सरकारी बेड़ा बढ़ाने, हर गांव तक बस सेवा उपलब्ध करानेए छात्राओं के लिए स्पेशल बसें चलाने, नियमित भर्ती करने और मानी गई आर्थिक मांगों को लागू करने की मांग शामिल है। इसके अलावा परिचालकों और चालकों का पे ग्रेड बढ़ाने, उप निरीक्षकों के रिक्त पदों पर पदोन्नति करने, वर्ष 2016 में भर्ती चालकों को पक्का करने, बकाया बोनस देने, हरियाणा कौशल रोजगार निगम के कर्मचारियों को नियमित करने, काटी गई अर्जित छुट्टियां बहाल करने और जोखिम भत्ता देने की मांग भी उठाई गई। मोर्चा नेताओं ने कर्मचारियों से हड़ताल को सफल बनाने की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767604 Articles

Share this story