सिरसा: लाखों की ठगी के दो आरोपी राजस्थान से गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
सिरसा: लाखों की ठगी के दो आरोपी राजस्थान से गिरफ्तार


सिरसा, 25 अप्रैल (हि.स.)। स्थानीय पुलिस ने शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के दो आरोपियों को राजस्थान क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। सिरसा के पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने शनिवार को बताया कि सिरसा निवासी एक महिला के साथ करीब 2 लाख 89 हजार रुपए की साइबर ठगी की गई थी। महिला ने शिकायत में बताया कि उसके मोबाइल फोन पर एक लिंक प्राप्त हुआ। जैसे ही उसने उस लिंक पर क्लिक किया, वह टेलीग्राम ऐप से जुड़ गई, जहां उसे शेयर मार्केट में ट्रेडिंग के जरिए भारी मुनाफा कमाने के आकर्षक संदेश दिखाए गए।

साइबर ठगों ने महिला को अपने जाल में फंसाने के लिए शुरू में उसके द्वारा निवेश की गई छोटी राशि पर नकली मुनाफा दिखाया और कुछ पैसे उसके खाते में वापस भी भेजे। इससे महिला का विश्वास बढ़ गया और उसने अधिक लाभ के लालच में आकर धीरे-धीरे 2 लाख 89 हजार रुपए निवेश कर दिए। जब उसने अपनी पूरी राशि निकालने का प्रयास किया तो संबंधित लिंक बंद हो चुका था और उसे ठगी का अहसास हुआ।

पीडि़ता की शिकायत के आधार पर साइबर थाना सिरसा में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए मामले में संलिप्त दो आरोपियों राजस्थान निवासी कमल व राकेश को गिरफ्तार कर लिया।

इसके अलावा पुलिस ने सिरसा जिले के गांव हांडीखेड़ा क्षेत्र से कार सवार दो लोगों को हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। सीआईए सिरसा प्रभारी ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान सिरसा निवासी अशोक कुमार व सूरज सिंह के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम गश्त व चेकिंग के दौरान गांव हांडीखेड़ा की तरफ जा रही थी। इसी दौरान पुलिस पार्टी जब गांव हांडीखेड़ा के नजदीक पंहुची तो सामने से कार आती दिखाई दी जिसमें दो व्यक्ति सवार थे। कार में सवार व्यक्तियों ने सामने पुलिस की गाड़ी को देखकर अचानक कार को वापस मोडक़र भागने का प्रयास किया। पुलिस ने शक के आधार पर कार को रोक लिया और तलाशी ली तो कार सवार लोगों से साढ़े छह ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story