पानीपत: केमिकल टैंक की सफाई के लिए उतरे दो भाइयों की मौत
पानीपत, 26 मार्च (हि.स.)। गुरुवार को यहां एक टेक्सटाइल फैक्ट्री में केमिकल टैंक की सफाई करने उतरे दो युवकों की जहरीली गैस के कारण दम घुटने से मौत हो गई। दोनों चचेरे भाई थे। जो बिना सेफ्टी किट के टैंक की सफाई के लिएज उतरे थे। कुछ देर में ही उन पर बेहोशी छाने लगी। वहां मौजूद अन्य साथियों ने तुरंत दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक वे बेहोश हो चुके थे। दोनों को सीपीआर देकर होश में लाने की कोशिश की, लेकिन असफल रहे। इसके बाद दोनों को सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दोनों युवक यूपी के रहने वाले थे और आपस में चचेरे भाई थे। दोनों कामकाज के लिए रोजाना कैराना से पानीपात आते जाते थे। उधर, पुलिस ने परिवार की शिकायत के आधार पर फैक्ट्री मालिक और ठेकेदार के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार यह हादसा जलालपुर रोड स्थित मयूर टेक्सटाइल फैक्ट्री में गुरुवार की दोपहर को हुआ। मृतकों की पहचान कैराना निवासी शिवम और नितिन के रूप में हुई। दोनों की उम्र 18-19 साल थी। दोनों चचेरे भाई थे। पुलिस के अनुसार गुरुवार की दोपहर बाद दोनों मयूर टेक्सटाइल फैक्ट्री में काम के लिए आए थे। आरोप है कि यहां फैक्ट्री मालिकों और ठेकेदारों ने इन दोनों भाइयों को 20 फीट गहरे केमिकल टैंक में साफ सफाई करने के लिए उतार दिया। टैंक में फैक्ट्री से निकलने वाला अवशेष केमिकल था। फैक्ट्री में टैंक की सफाई योग्य कोई उपकरण नहीं थे। दोनों युवकों को बिना सेफ्टी किट के ही टैंक में सफाई करने के लिए उतार दिया।
फैक्ट्री मालिक के दबाव में आकर दोनों युवक टैंक में उतरने को राजी हो गए। मगर, टैंक में उतरने के कुछ ही मिनटों में दोनों बेहोश हो गए। इस दौरान स्टाफ ने दोनों को सीपीआर देकर होश में लाने की कोशिश की। दोस्त उसकी पीठ को दबाते हुए लगातार कह रहा था- उठ जा मेरे भाई, होश में आ, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद आनन-फानन में उन्हें पानीपत के सामान्य अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सनौली थाना प्रभारी इंस्पेक्टर वेदपाल ने बताया कि परिजनों की ओर से शिकायत दी गई है। शिकायत के आधार पर फैक्ट्री मालिक और ठेकेदार के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है और शुक्रवार को दोनों शवों का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

