सोनीपत कोर्ट से पेशी के बाद लौट रहे दो सगे भाइयों पर हमला

WhatsApp Channel Join Now
सोनीपत कोर्ट से पेशी के बाद लौट रहे दो सगे भाइयों पर हमला


सोनीपत, 20 जुलाई (हि.स.)। सोनीपत

के खरखौदा में सोमवार को कोर्ट से पेशी के बाद लौट रहे दो सगे भाइयों पर दिनदहाड़े

लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया। सरकारी स्कूल के पास बदमाशों ने दोनों को घेरकर बेरहमी

से पीटा। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले खरखौदा के सामुदायिक

स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद

रोहतक स्थित पंडित भगवत दयाल शर्मा पीजीआई रेफर कर दिया। घटना का वीडियो भी सामने आया

है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।

पुलिस

के अनुसार गांव फरमाना निवासी अनुज और उसका भाई रोहित सोमवार को एक पुराने आपराधिक

मामले में निर्धारित तारीख पर खरखौदा न्यायालय पहुंचे थे। न्यायिक अधिकारी के अवकाश

पर होने के कारण दोनों ने अपनी हाजिरी दर्ज कराई और पैदल बस अड्डे की ओर जाने लगे।

इसी दौरान सरकारी स्कूल के पास एक सफेद ब्रेजा कार में सवार चार से पांच युवक वहां

पहुंचे और दोनों भाइयों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

घायलों

ने शिकायत में गांव फरमाना निवासी आकाश, मुनीश तथा अन्य युवकों पर हमले का आरोप लगाया

है। शुरुआती जांच में दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश सामने आई है।

पुलिस इसी पहलू

को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। हमले के दौरान शोर सुनकर आसपास के लोग

मौके पर पहुंचे तो आरोपी कार में बैठकर फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल

पहुंचाया। खरखौदा

थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों

की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। वायरल वीडियो, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों

के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच

में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

Share this story