सिरसा के कालांवाली क्षेत्र में मिले दो शव

WhatsApp Channel Join Now

सिरसा, 26 सितंबर (हि.स.)। जिले के कालांवाली क्षेत्र में पुलिस ने दो व्यक्तियों के शव बरामद किए हैं। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पहचान के लिए सिरसा के नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस शवों की पहचान करवाने के साथ-साथ मामले की जांच में जुटी हुई है। गांव गदराना से होकर गुजरने वाली कालूआना माइनर में शनिवार को ग्रामीणों ने शव पड़ा देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक युवक की उम्र करीब 32 वर्ष है। पुलिस आसपास के गांवों में भी मृतक की पहचान को लेकर जानकारी जुटा रही है।

इसके अलावा पुलिस ने कालांवाली रेलवे स्टेशन के पास से एक व्यक्ति का शव बरामद किया है। सूचना पर रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने दोनों शवों को सिरसा के नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है, जहां शवों की पहचान के लिए आवश्यक प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस के अनुसार शवों की पहचान करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं। दोनों मामलों में संबंधित पुलिस टीमें विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story