हिसार में नशीले पदार्थों की तस्करी करते तीन काबू

WhatsApp Channel Join Now
हिसार में नशीले पदार्थों की तस्करी करते तीन काबू


81 ग्राम हेरोइन और 707 ग्राम डोडा चूरा पोस्त बरामद

मोटरसाइकिल व कार भी पुलिस ने कब्जे में ली

हिसार, 12 अक्टूबर (हि.स.)। पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए

जिले में तीन अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को हेरोइन और एक आरोपी को डोडा चूरा पोस्त

सहित गिरफ्तार किया है। एंटी नारकोटिक सेल ने आजाद नगर थाना क्षेत्र में पीरांवाली

निवासी अमनदीप को 81 ग्राम 140 मिलीग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया। बरामद हेरोइन

की कीमत करीब चार लाख रुपये बताई गई है। थाना एचटीएम पुलिस ने सातरोड़ खुर्द निवासी

राजेश कुमार को 5 ग्राम 1 मिलीग्राम हेरोइन सहित पकड़ा, जिसकी कीमत करीब 25 हजार रुपये

है। इसके अलावा थाना आदमपुर पुलिस ने मोड़ाखेड़ा नाके पर एक कार से 707 ग्राम डोडा

चूरा पोस्त बरामद कर कैथल जिले के उझाना निवासी दर्शन सिंह को गिरफ्तार किया।

एंटी नारकोटिक सेल प्रभारी पीएसआई प्रदीप ने बताया कि उनकी टीम आर्य नगर

पुल के नीचे गश्त और अपराध पड़ताल कर रही थी। इसी दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर

पुलिस ने मोटरसाइकिल सवार पीरांवाली निवासी अमनदीप को काबू कर तलाशी ली तो उसके कब्जे

से 81 ग्राम 140 मिलीग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने मोटरसाइकिल भी कब्जे में ले

ली। आरोपी के खिलाफ आजाद नगर थाना में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे

अदालत में पेश किया गया, जहां से एक दिन का पुलिस रिमांड मिला। इस दौरान उससे नशे की

खरीद-फरोख्त और नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की गई।

दूसरे मामले में एचटीएम थाना पुलिस ने सेक्टर 1/4 पुल के पास से सातरोड़ खुर्द

निवासी राजेश कुमार को 5 ग्राम 1 मिलीग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया। सब इंस्पेक्टर

दिनेश कुमार की टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार

पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को काबू किया गया। पुलिस के अनुसार, बरामद हेरोइन की कीमत

करीब 25 हजार रुपये है। आरोपी के खिलाफ एचटीएम थाना में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत

मामला दर्ज किया गया है।

तीसरे मामले में आदमपुर पुलिस ने मोड़ाखेड़ा नाके पर वाहनों की जांच के दौरान

काले रंग की सनी कंपनी की कार को शक के आधार पर रुकवाया। सहायक उप निरीक्षक रोहताश

की टीम ने कार की तलाशी ली तो उसमें से 707 ग्राम डोडा चूरा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस

ने कार सवार कैथल जिले के उझाना निवासी दर्शन सिंह को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ

थाना आदमपुर में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759690 Articles

Share this story