पानीपत: पुरानी रंजिश में कार से कुचल कर तीन की हत्या

WhatsApp Channel Join Now
पानीपत: पुरानी रंजिश में कार से कुचल कर तीन की हत्या


पानीपत, 11 जून (हि.स.)। पानीपत के समालखा में पुरानी रंजिश के चलते कार से कुचल कर तीन हत्याएं कर दी गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सौ किलोमीटर की रफ्तार से तीन लोगों पर स्कॉर्पियो चढ़ाकर मौत के घाट उतार दिया गया। मृतकों में दो दोस्त और एक अन्य व्यक्ति शामिल हैं। मरने वाले दो दोस्तों में एक प्रॉपर्टी डीलर, दूसरा बी-टेक पास है। मृतकों के परिजनों का आरोप है कि पुरानी रंजिश में ये तीनों हत्याएं की गई।

परिजनों बयानों के आधार पर पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर लिया है। जानकारी के अनुसार, गांव डिकाडला निवासी नरेंद्र सिंह और विनोद स्कूटी पर खेत से घर लौट रहे थे। रास्ते में उन्हें अनिप गाहल्याण मिल गया। तीनों खड़े होकर आपस में बात कर रहे थे, तभी गांव आट्टा की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार से चला रहे स्कॉर्पियो चालक उन्हें टक्कर मार कर कुचलता हुआ मौके से वाहन सहित फरार हो गया।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि नरेंद्र और अनिप की मौके पर ही मौत हो गई। विनोद ने पानीपत के सिविल अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। तीनों मृतक शादीशुदा थे। नरेंद्र खेतीबाड़ी के साथ प्रॉपर्टी का भी काम करता था, जबकि अनिप ने बी-टेक किया हुआ था। परिजनों ने इसे साजिश बताते हुए गांव के ही कुछ लोगो पर रंजिश के चलते हत्या के आरोप लगाए है। वहीं, इस मामले में समालखा डीएसपी नरेंद्र कादियान ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर हत्या के मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित कर दी है। और नामजद आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

Share this story