हिसार के लाल नरेंद्र कुमार ने माउंट एवरेस्ट बेस कैंप पर फहराया तिरंगा

WhatsApp Channel Join Now
हिसार के लाल नरेंद्र कुमार ने माउंट एवरेस्ट बेस कैंप पर फहराया तिरंगा


दुनिया की 14 सबसे ऊंची चोटियों पर भारतीय तिरंगा फहराना लक्ष्य

हिसार, 03 जनवरी (हि.स.)। जिले के गांव मिंगनीखेड़ा निवासी पर्वतारोही नरेंद्र

कुमार ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली है। नरेंद्र कुमार ने हाल ही में विश्व

की सर्वोच्च चोटी माउंट एवरेस्ट के बेस कैंप (5364 मीटर) पर भीषण ठंड और -40 डिग्री

सेल्सियस तापमान में भारतीय तिरंगा फहराकर देश का मान बढ़ाया। नरेंद्र कुमार का लक्ष्य

दुनिया की 14 सबसे ऊंची चोटियों पर भारतीय तिरंगा फहराना है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे

हरियाणा सहित देशभर में खुशी और गौरव की लहर है।

इस साहसिक अभियान की शुरुआत 24 दिसंबर को हुई थी। अभियान के दौरान खराब मौसम,

तेज बर्फबारी और अत्यधिक ठंड जैसी विषम परिस्थितियों का सामना करने के बावजूद नरेंद्र

कुमार ने अदम्य साहस, दृढ़ इच्छाशक्ति और अनुशासन के साथ इस मिशन को सफलतापूर्वक पूरा

किया। नरेंद्र कुमार ने पर्वतारोहण की यात्रा की शुरुआत वर्ष 2019 में अटल बिहारी

वाजपेयी इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग, मनाली से बेसिक कोर्स करके की। इसके बाद उन्होंने

2021 में हिमालयन माउंटेनियरिंग इंस्टीट्यूट, दार्जिलिंग से एडवांस कोर्स पूर्ण किया।

उनके पिता सुभाष चंद्र, जो एक्साइज एंड टैक्सेशन ऑफिसर के पद से सेवानिवृत्त हैं, सदैव

उनके प्रेरणास्रोत और मार्गदर्शक रहे हैं।

नरेंद्र कुमार इससे पहले भी विश्व की कई दुर्गम चोटियों पर तिरंगा फहरा चुके

हैं। उन्होंने माउंट मनास्लु (8163 मीटर) की सफल चढ़ाई की है और वे माउंट अन्नपूर्णा

(8091 मीटर) पर तिरंगा फहराने वाले पहले हरियाणवी पर्वतारोही हैं। इसके अतिरिक्त वे

माउंट ल्होत्से (8516 मीटर) पर चढ़ाई करने वाले हरियाणा के पहले व्यक्ति भी हैं। उन्होंने

माउंट किलिमंजारो पर मात्र पांच दिनों में दो बार चढ़ाई कर विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया

है।

51 फीट लंबा व 9 फीट चौड़ा भारतीय राष्ट्रीय ध्वज फहराया

नरेंद्र कुमार ने 15 अगस्त 2021 को आजादी के 75वें अमृत महोत्सव के अवसर पर

माउंट युनम पर 151 फीट लंबा और 9 फीट चौड़ा भारतीय राष्ट्रीय ध्वज फहराकर देशभक्ति

का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया था। इसके अलावा जुलाई माह में उन्होंने यूरोप की सबसे

ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रुस (5642 मीटर) को भी फतह किया। उल्लेखनीय है कि पर्वतारोही नरेंद्र कुमार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘फिट

इंडिया’ मुहिम के ब्रांड एंबेसडर

हैं। वे युवाओं को नशे से दूर रहने, फिटनेस अपनाने और खेल व एडवेंचर को करियर के रूप

में अपनाने के लिए निरंतर प्रेरित कर रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Share this story