यूरोप भेजने का झांसा, किर्गिस्तान में फंसाया: पलवल के युवक से 10 लाख की ठगी, पासपोर्ट भी जब्त

WhatsApp Channel Join Now


पलवल, 01 अप्रैल (हि.स.)। विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का एक गंभीर मामला सामने आया है। यूरोप भेजने का झांसा देकर एक युवक से 10 लाख रुपये ठग लिए गए और उसे किर्गिस्तान भेजकर वहां फंसा दिया गया। शहर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी प्रकाशचंद ने बुधवार को बताया कि अगवानपुर गांव निवासी दीक्षांत ने रेवाड़ी रेंज के आईजी को शिकायत दी है। पीड़ित ने बताया कि वह विदेश में नौकरी कर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारना चाहता था। इसी दौरान उसकी मुलाकात उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के मोह सराय जोका सिंह गांव निवासी आनंद से हुई। आरोप है कि आनंद ने खुद को बड़ा सर्विस प्रोवाइडर बताते हुए दीक्षांत को यूरोप में ड्राइवर की नौकरी दिलाने का झांसा दिया और प्रतिमाह एक लाख रुपये वेतन का वादा किया। विश्वास जीतने के लिए आरोपी पीड़ित के घर भी आया और परिवार के साथ फोटो खिंचवाए।

दीक्षांत के अनुसार, आरोपी ने वीजा, टिकट और अन्य दस्तावेज तैयार कराने के नाम पर उससे अलग-अलग किस्तों में करीब 10 लाख रुपये नकद और ऑनलाइन माध्यम से वसूल लिए। धोखाधड़ी का खुलासा तब हुआ जब 22 फरवरी को दीक्षांत को यूरोप के बजाय किर्गिस्तान भेज दिया गया। वहां पहुंचने पर उसे पता चला कि ड्राइवर की नौकरी के बजाय उसे एक टेक्सटाइल कंपनी में मशीन ऑपरेटर का काम दिया जा रहा है, जिसका वेतन मात्र 30 हजार रुपये था। कंपनी ने उसका पासपोर्ट भी जब्त कर लिया।

पीड़ित किसी तरह अपने खर्च पर टिकट लेकर 23 फरवरी को भारत लौट आया। शिकायत में यह भी बताया गया है कि आरोपी आनंद एक संगठित गिरोह के साथ मिलकर इस तरह की ठगी करता है। उसने बिजनौर के ही एक अन्य युवक से भी इसी प्रकार 10 लाख रुपये ठगे थे।

दीक्षांत ने उस युवक को भी अपने खर्च पर करीब 43,994 रुपये देकर भारत वापस लाने में मदद की। पीड़ित का आरोप है कि पैसे वापस मांगने पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। शहर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

Share this story