पानीपत: ऋषिकेश घूमने जा रहे एकेडमी के बच्चों की गाड़ी हादसे का शिकार, 13 घायल

WhatsApp Channel Join Now
पानीपत: ऋषिकेश घूमने जा रहे एकेडमी के बच्चों की गाड़ी हादसे का शिकार, 13 घायल


पानीपत, 19 जून (हि.स.)। हरियाणा व उत्तर प्रदेश की सीमा में पानीपत के निकट स्थित तामशाबाद टोल प्लाजा के पास गुरुवार देर रात हुए सड़क हादसे में 13 लोग घायल हो गए। पानीपत से उत्तराखंड के ऋषिकेश घूमने जा रहे एक एकेडमी के बच्चों और संचालकों की 15 सीटर ट्रैवलर गाड़ी को एक तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैवलर आगे चल रहे एक अन्य ट्रक से जा भिड़ी और दो ट्रकों के बीच बुरी तरह फंस गई। इस हादसे में चार बच्चे एकेडमी संचालक, ड्राइवर समेत कुल 13 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल हुए अनमोल ने हादसे की जानकारी देते हुए बताया कि वे शहर में एक एकेडमी चलाते हैं और हर साल बच्चों को लेकर टूर पर जाते हैं। इस साल भी उन्होंने 5 दिनों के लिए ऋषिकेश का टूर प्लान किया था।

उन्होंने बताया कि गुरुवार की आधी रात को सभी बच्चे, स्टाफ और संचालक एक 15-सीटर ट्रैवलर गाड़ी में सवार होकर पानीपत से ऋषिकेश के लिए रवाना हुए थे। रात करीब 1:30 बजे जैसे ही उनकी ट्रैवलर गाड़ी सनौली क्षेत्र में तामशाबाद टोल के नजदीक पहुंची, तभी पीछे से आ रहे एक बेहद तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने ट्रैवलर को पीछे से टक्कर मार दी। पीछे से लगी जोरदार टक्कर के कारण ड्राइवर गाड़ी पर से नियंत्रण खो बैठा और ट्रैवलर सीधे आगे चल रहे दूसरे ट्रक में जा घुसी।

सूचना मिलते ही सनौली थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने क्षतिग्रस्त ट्रैवलर के शीशे और दरवाजे तोड़कर भीतर फंसे सभी घायल बच्चों और बड़ों को बाहर निकाला। पुलिस ने सभी घायलों को तुरंत एम्बुलेंस के जरिए पानीपत के सिविल अस्पताल पहुंचाया। इस सड़क हादसे में ट्रैवलर में सवार सभी 12 सवारियां और ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हुए हैं, घायलों में मुख्य रूप परी , शिवम , अनमोल, जानवी, कोमल , असलाफ, केशव, निवा के अलावा चार छोटे बच्चे और गाड़ी का ड्राइवर शामिल है। सिविल अस्पताल से रेफर के बाद सभी घायलों का अलग अलग निजी अस्पतालों में ईलाज चल रहा है। थाना सनौली प्रभारी ने बताया कि टक्कर मारने के बाद ट्रक ड्राइवर मौके से फरार हो गया साथ ही आगे चल रहा कैंटर चालक भी फरार हो गया। अतः हमने तीनों वाहनों को उठाकर थाने में खड़ा कर दिया है, और दोनों ड्राइवरों का पता भी लगा लिया है। अब आगे की कार्रवाई जल्द शुरू कर दी जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

Share this story