कैथल: ट्रांसपोर्ट सेक्टर पर हमले बर्दाश्त नहीं करेंगे, भारी जुर्मानों के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी
कैथल, 09 अक्टूबर (हि.स.)। ट्रांसपोर्ट सेक्टर से जुड़े ड्राइवरों, क्लीनरों और अन्य कर्मचारियों की मांगों को लेकर दी ट्रांसपोर्ट वर्कर्स यूनियन हरियाणा ने आवाज बुलंद की। यूनियन के आह्वान पर जिला प्रधान जसबीर सिंह के नेतृत्व में कर्मचारियों ने प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री के नाम उपायुक्त कैथल को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की और भारी-भरकम चालान, बढ़ते ईंधन व बीमा खर्च तथा ट्रांसपोर्ट वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा सुविधाएं नहीं मिलने पर नाराजगी जताई। यूनियन ने मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी भी दी।
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए यूनियन के राज्य कैशियर जसबीर सिंह ने कहा कि ट्रांसपोर्ट सेक्टर देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। ट्रक, बस, कैंटर, डंपर, टैक्सी, ऑटो रिक्शा, ई-रिक्शा और अन्य वाहनों के चालक व क्लीनर दिन-रात मेहनत करके यात्रियों और माल को उनके गंतव्य तक पहुंचाते हैं। जसबीर सिंह और यूनियन नेता धर्मपाल भूना ने कहा कि ट्रांसपोर्ट सेक्टर के असंगठित कर्मचारियों के लिए काम के घंटे तय करने, साप्ताहिक अवकाश, न्यूनतम वेतन, भविष्य निधि (पीएफ), कर्मचारी राज्य बीमा (ईएसआई) और पेंशन जैसी सुविधाओं की व्यवस्था की जानी चाहिए।
ज्ञापन में असंगठित ट्रांसपोर्ट वर्कर्स को श्रम कानूनों के तहत नौकरी की सुरक्षा देने, प्रतिदिन आठ घंटे की ड्यूटी निर्धारित करने और न्यूनतम मासिक वेतन 42 हजार रुपये लागू करने की मांग की गई। इसके अलावा पीएफ, ईएसआई और 60 वर्ष की आयु पूरी करने पर 21 हजार रुपये मासिक पेंशन देने की व्यवस्था करने की मांग भी उठाई गई। यूनियन ने ट्रांसपोर्ट वर्कर्स के लिए कल्याण बोर्ड गठित करने और आसान किस्तों पर ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध करवाने की मांग रखी। ऑटो रिक्शा, ई-रिक्शा और टैक्सी चालकों के लिए सरकारी स्तर पर बीमा सुविधा उपलब्ध करवाने के साथ इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही। यूनियन नेताओं ने कहा कि शहरों में बस स्टैंडों के आसपास ऑटो, ई-रिक्शा और टैक्सी चालकों के लिए निर्धारित स्टैंड बनाए जाने चाहिए, ताकि उन्हें वाहन खड़े करने के लिए उचित स्थान मिल सके। प्रदर्शन के दौरान धर्मपाल भूना, सतपाल सिंह, बलजीत सिंह, विमल कुमार, रमेश कुमार, अनुप कुमार, नरेश कुमार, सुरेंद्र सिंह और कृपाल सिंह सहित अन्य यूनियन नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे। उन्होंने सरकार से ट्रांसपोर्ट वर्कर्स की मांगों पर गंभीरता से विचार करने और समस्याओं का समाधान करने की अपील की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

