यमुनानगर: ट्रेन की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत

WhatsApp Channel Join Now

यमुनानगर, 06 मई (हि.स.) यमुनानगर के जगाधरी रेलवे स्टेशन के निकट एक रेल की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। सूचना मिलने पर जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मंगलवार देर रात स्टेशन मास्टर की ओर से सूचना दी गई कि नहर के पास बने रेलवे पुल के समीप पटरी पर एक व्यक्ति का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही जीआरपी टीम मौके पर पहुंची और निरीक्षण किया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आया था, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। शव की स्थिति से हादसे की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। मृतक के शरीर के कई हिस्सों को नुकसान पहुंचा है, जिससे पहचान करना कठिन हो रहा है। पुलिस ने मौके से शव को एकत्रित कर सिविल अस्पताल यमुनानगर की मोर्चरी में रखवा दिया है। तलाशी के दौरान मृतक के पास से कोई पहचान संबंधी दस्तावेज बरामद नहीं हुआ। अनुमान है कि उसकी उम्र करीब 45 वर्ष के आसपास हो सकती है।

जांच अधिकारी कुलदीप सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों से संपर्क किया जा रहा है और लापता व्यक्तियों के रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story