पलवल-नूंह मार्ग पर दर्दनाक हादसा, कार की टक्कर से युवक की मौत, साथी गंभीर

WhatsApp Channel Join Now

पलवल, 03 अप्रैल (हि.स.)। पलवल जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामले में पलवल-नूंह मार्ग पर लालवा गांव के समीप एक तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।

सदर थाना प्रभारी सुंदरपाल ने शुक्रवार को बताया कि मिंडकोला गांव निवासी किशन सिंह ने शिकायत में बताया कि दो अप्रैल को उसका पुत्र अमन अपने साथी विकास के साथ बाइक पर सवार होकर पलवल से अपने गांव लौट रहा था। जब वे लालवा गांव के पास नाले के निकट पहुंचे, तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि अमन के सिर में गंभीर चोटें आईं और वह अचेत हो गया, जबकि बाइक चला रहा विकास भी बुरी तरह घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने अमन को मृत घोषित कर दिया। विकास का अस्पताल में उपचार जारी है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस का कहना है कि आसपास लगे निगरानी कैमरों की मदद से आरोपी चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

Share this story