नूंह:केएमपी एक्सप्रेस वे पर हादसे में एक सिपाही की मौत, दो हेड कांस्टेबल घायल

WhatsApp Channel Join Now
नूंह:केएमपी एक्सप्रेस वे पर हादसे में एक सिपाही की मौत, दो हेड कांस्टेबल घायल


नूंह, 22 मई (हि.स.)। नूंह जिले से गुजर रहे केएमपी एक्सप्रेस-वे पर बीती रात हुए सड़क हादसे में हरियाणा पुलिस के एक सिपाही की मौत हो गई, जबकि दो हेड कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा खेड़ा खलीलपुर गांव के पास उस समय हुआ, जब डायल-112 की पुलिस टीम सड़क दुर्घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची हुई थी।

जानकारी के अनुसार पुलिस टीम को केएमपी एक्सप्रेस-वे पर एक टाटा पिकअप वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम घटनास्थल पर पहुंची और राहत कार्य के साथ-साथ यातायात व्यवस्था संभालने में जुट गई। पुलिसकर्मी सड़क पर सुरक्षा व्यवस्था बनाने और लोगों की मदद करने का कार्य कर रहे थे।

इसी दौरान रेवासन की ओर से तेज रफ्तार में आ रहा एक डंपर अनियंत्रित हो गया और सीधे पुलिस वाहन में जा भिड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि पुलिस वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में सिपाही बलवान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो हेड कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों और अन्य पुलिसकर्मियों ने घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

Share this story