पानीपत: दुर्घटना हो या जाम, अब मिनटों में ही खुलेगा रास्ता

WhatsApp Channel Join Now
पानीपत: दुर्घटना हो या जाम, अब मिनटों में ही खुलेगा रास्ता


पानीपत, 04 फ़रवरी (हि.स.)। पानीपत में ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने और सडक़ दुर्घटनाओं के बाद यातायात को शीघ्र बहाल करने की दिशा में जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। बुधवार को जिला सचिवालय परिसर से उपायुक्त डॉक्टर वीरेन्द्र कुमार दहिया ने पुलिस अधीक्षक भूपेन्द्र सिंह को अत्याधुनिक हाइड्रोलिक क्रेन को औपचारिक रूप से सुपुर्द किया।

उपायुक्त डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया ने बताया कि शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या को प्रशासन किसी भी सूरत में हल्के में नहीं ले रहा। उन्होंने कहा की शहर में कहीं भी दुर्घटना, खराब वाहन या अवैध रूप से खड़े भारी वाहनों के कारण यातायात बाधित होता है, तो यह क्रेन तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करेगी। हमारा लक्ष्य है कि सडक़ पर कोई भी अवरोध लंबे समय तक न रहे और आम नागरिक को अनावश्यक परेशानी न झेलनी पड़े। यह हाइड्रोलिक क्रेन दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को तेजी से हटाने, जाम की स्थिति को नियंत्रित करने तथा आपदा के समय त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही शहर में कैमरा लगाने के कार्य पर भी कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक व्यवस्था केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे प्रशासन की सामूहिक जिम्मेदारी है। यह क्रेन उसी प्रतिबद्धता का प्रतीक है, जिसके माध्यम से शहर को जाम मुक्त, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाया जाएगा। इस पहल से न केवल सडक़ सुरक्षा को मजबूती मिलेगी, बल्कि शहरवासियों को बार-बार लगने वाले ट्रैफिक जाम से भी बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. पंकज, पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह, डीएसपी ट्रैफिक सुरेश सैनी सहित जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

Share this story