सोनीपत: कुश्ती दंगल से प्रतिभा को प्रोत्साहन देना हमारी पुरानी परंपरा: बडौली
सोनीपत, 05 फ़रवरी (हि.स.)। हरियाणा
की पारंपरिक खेल संस्कृति को सशक्त बनाने और ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देने की दिशा
में कुश्ती दंगल अहम भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजनों से युवाओं को खेलों से जोड़ने
का अवसर मिलता है, अनुशासन, परिश्रम और भाईचारे की भावना भी विकसित होती है।
कुश्ती दंगल से प्रतिभा को
प्रोत्साहन देना हमारी पुरानी परंपरा है।
दादा
देसराज स्टेडियम, गांव हलालपुर में 28वें कुश्ती मिट्टी दंगल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम
में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश भाजपा प्रदेशअध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली मुख्य अतिथि
के रूप में शामिल हुए। उन्होंने दंगल में भाग लेने वाले पहलवानों से परिचय प्राप्त
किया और उनका उत्साहवर्धन किया। अखाड़े में उतरे पहलवानों ने दमखम दिखाते हुए शानदार
कुश्ती का प्रदर्शन किया, जिसे दर्शकों ने सराहा।
प्रदेश
अध्यक्ष ने कहा कि कुश्ती हमारी प्राचीन खेल परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है और ऐसे
आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने
बताया कि हरियाणा सरकार खेल और खिलाड़ियों के हित में निरंतर कार्य कर रही है। सरकार
द्वारा बेहतर सुविधाएं, आधुनिक स्टेडियम, प्रशिक्षण व्यवस्था और प्रोत्साहन प्रदान
किया जा रहा है, जिससे प्रदेश खेलों के क्षेत्र में देशभर में अग्रणी बना हुआ है।
कार्यक्रम
के दौरान विजेता पहलवानों को पुरस्कृत किया गया। प्रदेश अध्यक्ष ने कुश्ती दंगल के
सफल आयोजन के लिए आयोजक सामबीर दहिया और आयोजन समिति को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री
नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश की खेल नीति खिलाड़ियों को सम्मान, सुरक्षा और
उज्ज्वल भविष्य देने पर केंद्रित है, जिसके परिणामस्वरूप हरियाणा के खिलाड़ी विभिन्न
खेलों में पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष अशोक
भारद्वाज, खरखौदा विधायक पवन खरखौदा सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, ग्रामीण उपस्थित
रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

