सिरसा: जीएसटी विभाग के खिलाफ व्यापारियों ने किया रोष प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
सिरसा: जीएसटी विभाग के खिलाफ व्यापारियों ने किया रोष प्रदर्शन


सिरसा, 20 जुलाई (हि.स.)। जिले में जीएसटी विभाग द्वारा व्यापारियों के प्रतिष्ठानों पर की जा रही छापेमारी के विरोध में सोमवार को आयरन टूल्स एवं ट्यूबवेल एसोसिएशन से जुड़े व्यापारियों ने सिरसा में एकत्रित होकर जीएसटी विभाग के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया।

हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के जिला प्रधान हीरालाल शर्मा ने कहा कि व्यापारी देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। व्यापारी ईमानदारी से टैक्स देता है और उसी टैक्स से देश और प्रदेश का विकास होता है। इसलिए व्यापारियों का सम्मान होना चाहिए, उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान नहीं किया जाना चाहिए। यदि किसी व्यापारी में कोई कमी है तो दो-चार अधिकारी जांच करें, साक्ष्य के आधार पर कार्रवाई करें, लेकिन दर्जनों अधिकारियों के साथ पूरे बाजार में भय का माहौल बनाना उचित नहीं है।

उन्होंने कहा कि व्यापारी पहले ही नोटबंदी, कोरोना महामारी की मार, उपर से महामंदी की मार को झेल ही नहीं पा रहा था कि अब जीएसटी विभाग द्वारा व्यापारियों को नाजायज तंग करने हेतु जो छापेमारी का तरीका अपनाया जा रहा है, उसके विरोध में व्यापारी वर्ग लामबंद हुआ है। व्यापारियों ने 21 जुलाई को अपनी-अपनी दुकानें बंद करने का फैसला लिया है।

व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष आनंद बियानी ने कहा कि जीएसटी विभाग की जांच पहले भी होती रही है और आगे भी होती रहेगी। किसी भी व्यापारी को कानून से कोई आपत्ति नहीं है। यदि किसी व्यापारी से कोई गलती होती है तो नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाए। आयरन-टूल्स एवं ट्यूबवैल्स एसोसिएशन के प्रधान अजय भारद्वाज ने कहा कि जीएसटी विभाग द्वारा छापामारी निंदनीय है। यह विभाग की सरासर तानाशाही है। व्यापारी को नाजायज तंग करके व्यापारी से नाजायज टैक्स वसूली करके, व्यापारी को तंग किया जा रहा है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story