हिसार : पांच करोड़ की रंगदारी मांगने पर व्यापारियों में रोष, तीन दिन का अल्टीमेटम

WhatsApp Channel Join Now
हिसार : पांच करोड़ की रंगदारी मांगने पर व्यापारियों में रोष, तीन दिन का अल्टीमेटम


पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन ने एसपी सिद्धांत

जैन से की मुलाकात

पीड़ित परिवार की सुरक्षा और आरोपियों की गिरफ्तारी

की मांग

हिसार, 17 अक्टूबर (हि.स.)। पेट्रोलियम व्यवसायी

प्रमोद गोयल, उनके भाई आनंद गोयल और उनके बेटे अनिरुद्ध गोयल से पांच करोड़ रुपये की

रंगदारी मांगने के मामले में व्यापारियों का रोष बढ़ता जा रहा है। मामले में आरोपियों

की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार की सुरक्षा की मांग पर ऑल हरियाणा पेट्रोलियम डीलर्स

एसोसिएशन, हिसार एवं हांसी के प्रतिनिधिमंडल ने एसपी सिद्धांत जैन से मुलाकात की। एसोसिएशन

ने पुलिस प्रशासन को सोमवार तक ठोस कार्रवाई करने का अल्टीमेटम दिया है। निर्धारित

समय तक कार्रवाई नहीं होने पर एसोसिएशन ने दोबारा बैठक कर आगामी रणनीति तय करने की

चेतावनी दी है।

एसोसिएशन के जिला प्रधान राजकुमार सलेमगढ़ ने

शनिवार काे कहा कि आनंद गोयल के परिवार को लगातार धमकियां मिलने की बात सामने आ रही है, जिससे

व्यापारी वर्ग में चिंता बनी हुई है। परिवार के सदस्यों और बच्चों तक को धमकियां दिए

जाने की जानकारी गंभीर है। उन्होंने कहा कि पुलिस को मामले में तेजी से कार्रवाई कर

आरोपियों को गिरफ्तार करना चाहिए, ताकि व्यापारियों में सुरक्षा का विश्वास कायम हो

सके।

राजकुमार सलेमगढ़ ने मामले की जांच की गति पर

सवाल उठाते हुए कहा कि अभी तक कोई ठोस प्रगति सामने नहीं आई है। प्रतिनिधिमंडल ने एसपी

के समक्ष अपनी चिंताएं रखते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को सुरक्षा

देने की मांग की। इस पर एसपी सिद्धांत जैन ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

एसोसिएशन प्रधान ने स्पष्ट किया कि सोमवार तक

मामले में ठोस नतीजा या प्रभावी कार्रवाई सामने नहीं आने पर संगठन की दोबारा बैठक बुलाई

जाएगी। इसमें आगे की रणनीति तय करने के साथ कड़ा फैसला लेने पर विचार किया जाएगा। उन्होंने

कहा कि ऐसी स्थिति के लिए पुलिस-प्रशासन जिम्मेदार होगा। एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के अनुसार, पुलिस ने

पूछताछ के लिए पांच से सात संदिग्धों को हिरासत में लिया है। धमकी भरे फोन अंतरराष्ट्रीय

या फर्जी नंबरों से आने के संबंध में प्रतिनिधियों ने कहा कि पुलिस के पास आरोपियों

तक पहुंचने के पर्याप्त संसाधन हैं। इसलिए मामले की गंभीरता को देखते हुए जल्द कार्रवाई

की जानी चाहिए।

एसपी से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में

ऑल हरियाणा पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के सचिव नकुल अग्रवाल, कोषाध्यक्ष अशोक जैन,

पवन गोयल सहित अन्य पेट्रोलियम डीलर्स मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस से व्यापारियों

की सुरक्षा सुनिश्चित करने और मामले में जल्द कार्रवाई करने की मांग की।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762736 Articles

Share this story