यमुनानगर:ट्रैक्टर सब्सिडी योजना में सख्ती, लाभार्थियों का भौतिक सत्यापन

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर:ट्रैक्टर सब्सिडी योजना में सख्ती, लाभार्थियों का भौतिक सत्यापन


यमुनानगर, 20 मार्च (हि.स.)जिला यमुनानगर कृषि एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा अनुसूचित जाति वर्ग के किसानों को उपलब्ध कराए गए सब्सिडी युक्त ट्रैक्टरों का भौतिक सत्यापन शुक्रवार को किया गया। यह प्रक्रिया यमुनानगर के खंड रादौर की अनाज मंडी में विभागीय निगरानी में संपन्न हुई, जिसमें कई लाभार्थियों के ट्रैक्टरों की जांच की गई। खण्ड कृषि अधिकारी डॉ. संजीव कुमार ने बताया कि कृषि यंत्रीकरण को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से सरकार पात्र किसानों को अनुदान पर ट्रैक्टर उपलब्ध करवा रही है। इसी योजना के तहत खरीदे गए उपकरणों की वास्तविक स्थिति की पुष्टि के लिए यह सत्यापन अभियान चलाया गया।

उन्होंने कहा कि निरीक्षण का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि योजना का लाभ सही किसानों तक पहुंच रहा है और उपकरण वास्तविक रूप से उनके उपयोग में हैं। इस प्रकार की प्रक्रिया से किसी भी प्रकार की अनियमितता पर अंकुश लगाया जा सकता है। डॉ. संजीव कुमार ने जानकारी दी कि सत्यापन पूर्ण होने के बाद अनुदान राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में स्थानांतरित की जाएगी। यह प्रक्रिया प्रत्यक्ष लाभ अंतरण प्रणाली के माध्यम से की जाएगी, जिससे पारदर्शिता बनी रहती है और किसानों को बिना किसी मध्यस्थ के लाभ प्राप्त होता है।

इस दौरान कृषि विभाग के अन्य अधिकारियों ने भी उपस्थित रहकर प्रक्रिया का अवलोकन किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, इस प्रकार के सत्यापन अभियान समय-समय पर चलाए जाते हैं, ताकि सरकारी योजनाओं का क्रियान्वयन प्रभावी ढंग से हो और पात्र किसानों को उसका पूरा लाभ मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story