हिसार: बिजली निगम के तीन हजार फील्ड कर्मचारियों को मिलेंगी सुरक्षा उपकरणों से लैस टीएंडपी किट

WhatsApp Channel Join Now
हिसार: बिजली निगम के तीन हजार फील्ड कर्मचारियों को मिलेंगी सुरक्षा उपकरणों से लैस टीएंडपी किट


डीएचबीवीएन ने जारी की किट, एमडी विक्रम सिंह ने मुख्य अभियंताओं को समयबद्ध

वितरण के दिए निर्देश

हिसार, 18 नवंबर (हि.स.)। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) ने

फील्ड कर्मचारियों की सुरक्षा और कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए तीन हजार टीएंडपी (टूल्स

एंड प्लांट्स) किट जारी की हैं। बिजली लाइनों के संचालन एवं रखरखाव का काम करने वाले

कर्मचारियों को ये किट उपलब्ध करवाई जाएंगी। निगम प्रबंधन ने संबंधित अधिकारियों को

निर्देश दिए हैं कि किट का वितरण निर्धारित समय में सुनिश्चित किया जाए, ताकि फील्ड

कर्मचारियों को काम के दौरान आवश्यक उपकरणों की कमी का सामना न करना पड़े।

निगम के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह ने बुधवार काे कहा कि कर्मचारियों की सुरक्षा निगम

की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बिजली लाइनों पर काम करने वाले कर्मचारियों को निर्धारित

सुरक्षा मानकों के अनुरूप जरूरी उपकरण उपलब्ध करवाना बेहद आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों

को स्पष्ट निर्देश दिए कि कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही

बर्दाश्त नहीं की जाएगी।निगम के मुख्य अभियंता, मैटेरियल मैनेजमेंट की ओर से तीन हजार

टीएंडपी किट संबंधित डिवीजनल स्टोरों को आवंटन के अनुसार जारी कर दी गई हैं। मुख्य

अभियंता, ऑपरेशन हिसार जोन और दिल्ली जोन को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने अधीनस्थ

फील्ड कार्यालयों को आवश्यकता के अनुसार संबंधित स्टोरों से किट उपलब्ध करवाएं। साथ

ही पात्र कर्मचारियों तक इनका समयबद्ध वितरण सुनिश्चित करें।

निगम के जनसंपर्क अधिकारी संजय चुघ ने बताया कि तीन हजार टीएंडपी किट जारी

करना फील्ड कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम

है। इससे लाइन कर्मचारियों को रोजमर्रा के कार्यों के दौरान आवश्यक उपकरण मिल सकेंगे

और वे अधिक सुरक्षित तरीके से अपनी जिम्मेदारियां निभा सकेंगे। उन्होंने कहा कि निगम

प्रबंधन का उद्देश्य कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ बिजली उपभोक्ताओं

को निर्बाध और बेहतर सेवाएं उपलब्ध करवाना भी है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779174 Articles

Share this story