रोहतक में पुलिस ने स्वतंत्रता दिवस से पहले चलाया सर्च ऑपरेशन, सीमाओं पर नाकाबंदी

WhatsApp Channel Join Now


एसपी गौरव राजपुरोहित ने की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा

चप्पे-चप्पे पर पुलिस की नजर घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचेंगे एसएचओ

रोहतक, , 06 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर रोहतक पुलिस ने जिले में सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद कर दिया है। 15 अगस्त के मद्देनजर जिले की सीमाओं पर नाकाबंदी कर वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी गई है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ-साथ सार्वजनिक स्थानों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई गई है।

एसपी गौरव राजपुरोहित ने वीरवार सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वतंत्रता दिवस के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिले में कहीं भी कोई घटना या संदिग्ध गतिविधि सामने आती है तो संबंधित एसएचओ को तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालनी होगी। घटना की सूचना पर एसएचओ के तुरंत मौके पर पहुंचने की जवाबदेही तय की गई है।

होटल, धर्मशालाओं और रेलवे स्टेशन पर विशेष निगरानी

पुलिस की ओर से जिले में अतिरिक्त सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। पुलिस प्रवक्ता मनीष ने बताया कि होटल, धर्मशालाओं, रेलवे स्टेशन सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों पर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। यहां ठहरने वाले लोगों की जानकारी जुटाने के साथ संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है।

इसके अलावा बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों, प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर भी पुलिस की गश्त बढ़ाई गई है। जिले में प्रवेश करने और बाहर जाने वाले वाहनों की भी जांच की जा रही है।

पुलिस लाइन में अतिरिक्त फोर्स अलर्ट

15 अगस्त के दौरान किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पुलिस लाइन में अतिरिक्त पुलिस बल को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है। आवश्यकता पड़ने पर इस फोर्स को तत्काल मौके पर भेजा जाएगा। पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त और निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस का फोकस स्वतंत्रता दिवस समारोह स्थलों के साथ-साथ जिले के प्रमुख प्रवेश मार्गों, सार्वजनिक स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों पर है। रोहतक पुलिस ने साफ किया है कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जाएगी और स्वतंत्रता दिवस को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए हर स्तर पर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल

Share this story