हांसी-नारनौंद में दीपावली पर पुलिस का कड़ा पहरा, 12 जगह नाकाबंदी और 11 रूटों पर पैदल गश्त
बाजारों में सादे कपड़ों में भी तैनात रहेंगे
पुलिसकर्मी, जेबतराशों और झपटमारों पर रहेगी नजर
ईआरवी, राइडर व पीसीआर से होगी लगातार निगरानी
हांसी, 06 नवंबर (हि.स.)। दीपावली पर बाजारों
में उमड़ने वाली भीड़ के बीच सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए हांसी पुलिस ने व्यापक
इंतजाम किए हैं। त्योहार के दौरान हांसी और नारनौंद में 12 स्थानों पर विशेष पुलिस
नाके लगाए गए हैं, जबकि शहर के 11 प्रमुख रूटों पर पुलिसकर्मी पैदल गश्त कर रहे हैं।
इसके अलावा सात स्थायी नाकों के माध्यम से भी निगरानी रखी जा रही है। बाजारों में सादे
कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि भीड़ का फायदा उठाकर चोरी, जेबतराशी
और छीनाझपटी करने वाले असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जा सके।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के निर्देश पर लागू
किए गए विशेष सुरक्षा प्लान के तहत हांसी शहर में 10 और नारनौंद क्षेत्र में दो स्थानों
पर नाकाबंदी की गई है। हांसी में शहीद मदन लाल ढींगड़ा पार्क के पास, तिकोना पार्क,
धौला कुआं, उमरा गेट, बड़सी गेट, दिल्ली गेट, बजरिया चौक, विश्वकर्मा चौक, अंबेडकर
चौक और तोशाम चुंगी पर पुलिसकर्मी वाहनों की जांच कर रहे हैं। नारनौंद में बस स्टैंड
और मुख्य मार्ग पर नाके लगाए गए हैं। इन स्थानों पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की
जांच की जा रही है।
बाजारों में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों की
सुरक्षा के मद्देनजर 11 निर्धारित रूटों पर पैदल पुलिस गश्त की व्यवस्था की गई है।
इनमें जाट धर्मशाला से उमरा गेट, उमरा गेट से तिकोना पार्क, बजरिया चौक और बड़सी गेट,
अंबेडकर चौक से बड़सी गेट, विश्वकर्मा चौक से लाल सड़क, दिल्ली गेट से छाबड़ा चौक तथा
तोशाम चुंगी से पुराने बस अड्डे तक के क्षेत्र शामिल हैं। इसके अलावा जींद चुंगी से
विश्वकर्मा चौक और लाल सड़क पर भी पुलिसकर्मी गश्त कर रहे हैं। भीड़भाड़ वाले बाजारों
में सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे, जो जेबतराशों, चोरों और झपटमारों
की गतिविधियों पर नजर रखेंगे।
शहर के अलग-अलग हिस्सों में ईआरवी, राइडर और पीसीआर
वाहनों से लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है। किसी भी आपात स्थिति में पुलिस टीम को तुरंत
मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में
सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करने को कहा गया है। वहीं, यातायात पुलिस बाजारों और प्रमुख
मार्गों पर जाम रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरतेगी। गलत पार्किंग, अतिक्रमण और यातायात
बाधित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
दीपावली पर पटाखों की बिक्री और भंडारण को लेकर
प्रशासन के दिशा-निर्देशों की पालना भी सुनिश्चित की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने
वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी। पुलिस ने आमजन से त्योहार को भाईचारे और
सौहार्द के साथ मनाने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की सूचना तुरंत
पुलिस को देने की अपील की है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

