नूंह: नगीना की रामलीला में ताड़का के विकराल रूप ने वाहवाही लूटी

WhatsApp Channel Join Now
नूंह: नगीना की रामलीला में ताड़का के विकराल रूप ने वाहवाही लूटी


नूंह, 13 अक्टूबर (हि.स.)। कस्बा नगीना के गोहरवाली चौक स्थित प्रांगण में श्री रामलीला विकास कमेटी के तत्वावधान में आयोजित रामलीला में धार्मिक, सांस्कृतिक, मार्मिक और मनोरंजक दृश्यों का शानदार मंचन किया गया। ताड़का के भयानक रूप और राम-लक्ष्मण के साथ उसके युद्ध ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया, वहीं चिकित्सक डॉक्टर घोड़ पड़े के हास्य अभिनय और अनोखे संवादों ने दर्शकों को हंसने पर मजबूर कर दिया।

रामलीला का शुभारंभ भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना और भारतीय वीरों की गाथाओं के गुणगान के साथ हुआ। रामलीला कमेटी के संरक्षक रजत जैन ने बताया कि मंचन के दौरान ऋषि-मुनियों को ताड़का और अन्य राक्षसों के आतंक से परेशान दिखाया गया। राक्षसों के अत्याचारों से मुक्ति दिलाने के लिए महर्षि विश्वामित्र (मुकेश शर्मा) अयोध्या नरेश राजा दशरथ (राजू गांधी) के दरबार में पहुंचे और उनसे भगवान श्रीराम व लक्ष्मण को अपने साथ भेजने का आग्रह किया। राजा दशरथ अपने पुत्रों की कम आयु के कारण उन्हें भेजने को लेकर संकोच में पड़ गए। इस दौरान गुरु वशिष्ठ (भारत श्रीवास्तव) ने उन्हें राजधर्म का महत्व समझाया। भगवान श्रीराम (सुभाष सैनी) और लक्ष्मण (पवन भटनागर) ने भी संवादों के माध्यम से अपने क्षत्रिय धर्म, वीरता, साहस, पराक्रम और वचन के प्रति निष्ठा का परिचय दिया।

रामलीला का सबसे रोमांचक दृश्य ताड़का वध का रहा। ताड़का की भूमिका निभा रहे सुरेश प्रजापत ने अपनी दमदार अदाकारी, डरावनी वेशभूषा, भयानक गर्जना और आग के गोलों के प्रभावशाली मंचन से वन का वातावरण भयावह बना दिया। ऊंची इमारतों से आग की लपटें और गोले निकलते देखकर दर्शक रोमांचित हो उठे। ताड़का के रौद्र रूप को देखकर छोटे बच्चे डरकर अपने माता-पिता के पास छिपते नजर आए।

इस अवसर पर थाना प्रबंधक अजेयवीर, कमेटी के संरक्षक प्रभुदयाल गंभीर, संरक्षक सतपाल सैनी, अध्यक्ष उज्ज्वल जैन, उपाध्यक्ष परशुराम सैनी, कोषाध्यक्ष शेर सिंह सैनी, सह कोषाध्यक्ष गोविंद दुबे, सचिव पवन भटनागर, महामंत्री लक्ष्मण जाटव, मंत्री राजेंद्र प्रजापत, शुभ जैन, भाजपा किसान मोर्चा के जिला महामंत्री सतपाल सैनी, नगीना मंडल महामंत्री संदीप सैनी, कुशांत गोयल, रविंद्र जैन, गिर्राज ग़ज़मोती और मास्टर शिवराम सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760284 Articles

Share this story