पानीपत: थ्री व्हीलर की टक्कर से ई-रिक्शा चालक की मौत
पानीपत, 27 जून (हि.स.)। पानीपत में शनिवार दोपहर हुए सड़क हादसे में एक बुजुर्ग की मौत हो गई। जहां एक तेज रफ्तार ऑटो ड्राइवर ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए आगे जा रहे एक ई-रिक्शा को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस भिड़ंत में ई-रिक्शा पलट गया और बुजुर्ग ड्राइवर की अपने ही रिक्शे के नीचे दबकर मौत हो गई।
हादसे के बाद आरोपी ऑटो ड्राइवर मौके से वाहन सहित फरार हो गया। लहुलूहान हालत में बुजुर्ग को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 60 वर्षीय शमशीर के रूप में हुई है, जो पानीपत का रहने वाला था।
पुलिस के अनुसार शनिवार की दोपहर को शमशीर अपना ई-रिक्शा लेकर सवारी की तलाश में निकला था। जब वह वार्ड-11 क्षेत्र से गुजर रहा था, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार और ऑटो ड्राइवर ने उसके ई-रिक्शा को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। यह टक्कर इतनी जोरदार थी कि ई-रिक्शा का संतुलन बिगड़ गया और शमशीर सड़क पर नीचे गिर गए। इसी दौरान अनियंत्रित होकर उसका ई-रिक्शा भी उनके ऊपर ही आकर गिर गया, जिससे वह उसके नीचे पूरी तरह दब गया ओर दम घुटने के कारण मौके पर ही मौत हो गई।
किला थाना पुलिस ने शव का पंचनामा भरवा कर उसे अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। रविवार को पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

