हिसार : जानलेवा हमले के मुख्य आरोपी समेत तीन गिरफ्तार, जेल भेजे
होटल डेज इन के पास लाठी-डंडों और लोहे की रॉड
से किया था हमला
स्विफ्ट कार में भी की थी तोड़फोड़
हिसार, 03 अक्टूबर (हि.स.)। होटल डेज इन के पास
जन्मदिन के दौरान हुई कहासुनी के बाद जानलेवा हमला और मारपीट करने के मामले में अर्बन
एस्टेट थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रदीप कुमार उर्फ टुंडा समेत तीन और आरोपियों को
गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजली निवासी प्रदीप कुमार उर्फ टुंडा,
पेटवाड़ निवासी अनुराग व जींद जिले के सुरबरा निवासी अजय कुमार उर्फ गोलू के रूप में
हुई है। तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत
में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार बरवाला थाना के छान गांव निवासी
अमन के जन्मदिन के दौरान होटल डेज इन के पास किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। इसके
बाद आरोपियों ने अमन और उसके साथियों पर लाठी-डंडों तथा लोहे की रॉड से हमला कर दिया।
हमले में कई लोगों को गंभीर चोटें आईं। आरोपियों ने शिकायतकर्ता की स्विफ्ट कार में
भी तोड़फोड़ की थी। मामले में अर्बन एस्टेट थाना में जानलेवा हमला, मारपीट सहित विभिन्न
धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया था।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी
प्रदीप कुमार उर्फ टुंडा, अनुराग व अजय कुमार उर्फ गोलू को गिरफ्तार किया। पुलिस ने
आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयोग किए गए लकड़ी के बिंडे और डंडे बरामद किए हैं।
इससे पहले पुलिस मामले में शामिल आरोपी कालुआ उर्फ कालू, संदीप, अमित, अनिल, आकाश और
प्रवीण को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज चुकी है। शनिवार को प्रदीप उर्फ
टुंडा, अनुराग और अजय उर्फ गोलू को अदालत में पेश किया गया, जहां से तीनों को न्यायिक
हिरासत में जेल भेज दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

