जींद : 43 लाख के जेवरात लेकर कारीगर हुआ फरार
जींद, 11 अक्टूबर (हि.स.)। शहर थाना पुलिस ने स्वर्णकार मार्केट में ज्वैलर्स के लिए गहने बनाने वाले कारीगर के खिलाफ 43 लाख कीमत के सोना व चांदी के जेवर लेकर फरार होने पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में विजय ज्वैलर्स के विजय गोयल ने बताया कि गोडर जिला हावड़ा (पश्चिमी बंगाल) निवासी भोला ज्वैलर्स प्रेमचंद धर्मबीर के ऊपर किराये पर दुकान लेकर रहता था। यहां वह पालिका बाजार के दुकानदारों के लिए जेवरात बनाता था। दुकानदार उसे सोना व चांदी देते थे। उनके बताए डिजाइन अनुसार भोला आभूषण बना कर उनको देता था। लंबे समय से काम करने के कारण भोला पर ज्वैलर्स को विश्वास था। विजय गोयल ने बताया कि आठ अक्टूबर को उसने भोला को 250 ग्राम सोना दिया था। इस सोने से उसे नौ सेट आभूषण बनाने थे। नौ अक्टूबर को सुबह जब वह अपने आभूषण लेने के लिए भोला के पास गय तो वहां पर कोई नही था।
इसके बाद उन्होंने भोला का मोबाइल नंबर मिलाया, जो बंद आ रहा था। उसकी पत्नी का मोबाइल भी बंद मिला। इसके अलावा भोला के पास उत्तम नाम का एक कारीगर काम करता था, उसका मोबाइल भी बंद आ रहा है। विजय गोयल ने कहा कि मुनीष सिंगला ने भी दो किलो 500 ग्राम चांदी भोला को आभूषण बनाने के लिए दी थी। इसके अलावा अमित गुप्ता ने भी 20 ग्राम 24 कैरेट सोना भोला को आभूषण बनाने के लिए दिया था। भोला यह सारा सोना व चांदी लेकर आठ अक्टूबर दोपहर को ही फरार हो गया।
उन्होंने अपने स्तर पर भोला की काफी तलाश की लेकिन उसका कोई पता नही चला। ज्वैलर्स ने कहा कि अभी तक की जानकारी के अनुसार भोला लगभग 43 लाख रुपये का सोना व चांदी लेकर फरार हुआ है। अभी कुछ और ज्वैलर्स भी सामने आ सकते हैं, जिनका सोना व चांदी लेकर वह फरार हुआ है। रविवार को जानकारी देते हुए शहर थाना के जांच अधिकारी एएसआई जगदीश ने बताया कि पुलिस ने ज्वैलर्स विजय की शिकायत पर फरार कारीगर भोला के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

