पानीपत: अवैध संबंधों के चलते, हुए झगड़े में तीन घायल
पानीपत, 01 अप्रैल (हि.स.)। सनौली रोड पर पुरानी रंजिश और अवैध संबंधों के चलते आधा दर्जन युवकों ने एक घर पर धावा बोल दिया। हमलावरों ने घर में घुसकर दो सगे भाइयों पर गंडासी और डंडों से जानलेवा हमला किया। हमले में बड़ा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। जो आईसीयू में जीवन और मौत की जंग लड़ रहा है, जबकि छोटे भाई का हाथ टूट गया है। हमले की सूचना पुलिस को दी गई, पुलिस ने मौके पर आकर जांच शुरू कर दी। पीड़ित सुरेंद्र कुमार ने बुधवार काे थाना चांदनी बाग पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके बड़े बेटे गौरव के पास विकास नगर के संजू का वॉट्सएप कॉल आया। संजू ने धमकी दी कि तू मेरे और आरती (गौरव की पत्नी) के बीच में दोबारा आने लगा है, आज तेरा काम तमाम कर दूंगा, तू कल का सूरज नहीं देख पाएगा। धमकी के करीब आधे घंटे बाद संजू अपने चाचा के साथ बाइक पर गली में आया और रेकी की। और करीब दो घंटे बाद संजू, रिंकू, राजू, संजू का चाचा और 2-3 अन्य लड़के बाइकों पर सवार होकर आए। सभी के हाथों में गंडासी, फर्शे और डंडे थे। यह देख भयभीत गौरव घर के अंदर भागा, लेकिन हमलावरों ने लात मारकर मुख्य दरवाजा तोड़ दिया और घर में घुसकर गौरव को जबरन खींचकर गली में ले आए।
जब पिता सुरेंद्र और छोटा बेटा राहुल बीच-बचाव करने आए, तो हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया। एक युवक ने गंडासी से गौरव के सिर और शरीर पर कई वार किए। मारपीट में राहुल का हाथ टूट गया और पिता को भी चोटें आईं। शोर सुनकर जब पड़ोसी और रिश्तेदार इकट्ठा हुए, तो हमलावर अपनी बाइक मौके पर ही छोड़कर भाग निकले।
जाते समय आरोपियों ने धमकी दी कि गौरव अस्पताल तक नहीं पहुंच पाएगा और पुलिस कार्रवाई की, तो सबको मार देंगे। सुरेंद्र ने पुलिस को बताया कि गौरव की पत्नी आरती पिछले 2-3 साल से अपने दो बच्चों को छोड़कर आरोपी संजू के साथ अवैध संबंध में रह रही है। गौरव ही अपने बच्चों का पालन-पोषण कर रहा है। संजू और आरती अक्सर गौरव को जान से मारने की धमकियां देते थे।
परिजनों के अनुसार, पूरी वारदात घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। हैरानी की बात यह है कि अगले दिन 31 मार्च को तीन लड़के स्कूटी पर आए और गली में छूटी हुई हमलावरों की बाइक को ई-रिक्शा में लादकर ले गए, जिसकी रिकॉर्डिंग भी पुलिस को सौंप दी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

