सिरसा: तीन नशा तस्कर गिरफ्तार, लाखों की अफीम व चूरापोस्त बरामद
सिरसा, 26 जून (हि.स.)। पुलिस ने जिला क्षेत्र से तीन तस्करों को लाखों रुपये की चूरापोस्त, अफीम व हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों से ड्रग मनी भी बरामद की गई है। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने शुक्रवार को बताया कि सीआईए ऐलनाबाद पुलिस ने ऐलनाबाद क्षेत्र से एक आरोपी को साढ़े 12 किलोग्राम चूरापोस्त, ढाई सौ ग्राम अफीम तथा दस हजार रुपये की ड्रग मनी सहित गिरफ्तार किया है।
उन्होंने बताया कि पुलिस टीम गश्त एवं चेकिंग के दौरान गांव खारिया क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान सामने से एक युवक प्लास्टिक का थैला लेकर पैदल आता दिखाई दिया जो कि पुलिस टीम को देखकर वह अचानक वापस मुडक़र मौके से निकलने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने शक के आधार पर उसे काबू कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बलवान के रूप में हुई है।
इसके अलावा एंटी नारकोटिक्स सेल सिरसा पुलिस ने दो आरोपियों काला सिंह व दीक्षित को हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। एंटी नारकोटिक्स सेल प्रभारी ने बताया कि पुलिस टीम गश्त एवं चेकिंग के दौरान रानियां रोड सिरसा क्षेत्र में मौजूद थी। पुलिस ने शक के आधार पर उसे काबू कर लिया और तलाशी ली तो उसके कब्जे से हेरोइन बरामद हुई। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे दीक्षिक ने हेरोइन सप्लाई की थी, जिस पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी दीक्षित को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ संबंधित पुलिस थानों में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

