सिरसा: तीन नशा तस्कर गिरफ्तार
सिरसा, 23 मई (हि.स.)। पुलिस ने जिले क्षेत्र से तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार कर चूरापोस्त व हेरोइन बरामद की है। पुलिस ने कार को भी कब्जे में लिया है। आरोपियों की पहचान फतेहाबाद जिले निवासी ईश्वर व रणबीर सिंह के रूप में हुई है। डिंग थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह ने शनिवार को बताया कि पुलिस टीम गश्त व चेकिंग के दौरान नेशनल हाईवे नौ गांव पतली डाबर क्षेत्र में मौजूद थी। इस दौरान एक कार आती दिखाई दी। चालक ने सामने पुलिस की गाड़ी को देखकर अचानक गाड़ी को वापस मोडक़र भागने का प्रयास किया। पुलिस ने शक के आधार पर कार को तलाशी के लिए रोका।
तलाशी लेने पर कार से साढ़े तीन किलोग्राम चूरापोस्त बरामद हुआ। इसके अलावा पुलिस ने जिले के गांव बड़ागुढ़ा क्षेत्र से एक युवक को हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। एंटी नारकोटिकस सेल सिरसा प्रभारी ने बताया कि पुलिस टीम गश्त व चेकिंग के दौरान बड़ागुढ़ा क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान एक युवक पैदल आता दिखाई दिया जो कि पुलिस टीम को देखकर भागने की कोशिश करने लगा।
पुलिस ने शक के आधार पर उसे काबू कर लिया और तलाशी ली तो उसके कब्जे से आठ ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान अंग्रेज सिंह के रूप में हुई है। आरोपियों के खिलाफ संबंधित पुलिस थानों में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा और रिमांड अवधि के दौरान नशा तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

