सिरसा: तीन नशा तस्कर व अवैध पिस्तौल सहित चार गिरफ्तार
सिरसा, 24 अप्रैल (हि.स.)। स्थानीय पुलिस ने नशा तस्करों पर कार्रवाई करते हुए जिले क्षेत्र से तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच किलोग्राम चूरापोस्त व हेरोइन बरामद की है। सीआईए कालांवाली प्रभारी ने शुक्रवार को बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान सिरसा निवासी गुरलाल सिंह, अमर सिंह व गुरप्यार सिंह के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम गश्त व चेकिंग के दौरान कालांवाली से डबवाली की तरफ जा रही थी। इसी दौरान गांव मांगेआना के निकट एक मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति आते दिखाई दिए और उनके पास एक प्लास्टिक का थैला था। पुलिस को देखकर बाइक चालक वापस मुडक़र भागने लगा। पुलिस ने उनका पीछा कर बाइक सवार युवकों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से पांच किलो चूरापोस्त बरामद हुआ। पकड़े गए आरोपियों की पहचान गुरलाल सिंह व अमर सिंह के रूप में हुई।
इसके अलावा पुलिस ने गांव अबूबशहर क्षेत्र से गुरप्यार सिंह को हेरोइन सहित काबू किया है। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम गांव लोहगढ़ टी प्वाइंट की ओर जा रही थी। सामने से एक व्यक्ति पैदल आता दिखाई दिया जो कि पुलिस को देखकर वापस मुड़ गया। पुलिस ने शक के आधार पर उसे काबू कर तलाशी ली तो उसके कब्जे से हेरोइन बरामद हुई।
पुलिस ने सिरसा क्षेत्र से एक युवक को 32 बोर का अवैध पिस्तौल सहित गिरफ्तार किया है। एबीवीटी स्टाफ सिरसा पुलिस टीम प्रभारी ने बताया कि पुलिस टीम बस अड्डा से होते हुए गांव मोरीवाला की तरफ जा रही थी। बाजेकां चौक सिरसा के नजदीक पंहची तो वेदवाला रोड की तरफ से एक युवक आता दिखाई दिया जो कि सामने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने उसे काबू कर तलाशी ली तो उसके कब्जे से 32 बोर का अवैध पिस्तौल बरामद हुआ। पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान सिरसा निवासी कमल सिंह के रूप में हुई। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों के खिलाफ संबंधित पुलिस थानों में मामला दर्ज किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

