सिरसा: तीन करोड़ की हेरोइन के साथ तीन नशा तस्कर गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
सिरसा: तीन करोड़ की हेरोइन के साथ तीन नशा तस्कर गिरफ्तार


सिरसा, 14 अप्रैल (हि.स.)। स्थानीय पुलिस ने नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब डेढ़ किलोग्राम हेरोइन बरामद की है, जिसकी बाजारी कीमत तीन करोड़ रुपये आकी गई है। डीएसपी संदीप धनखड़ ने मंगलवार को बताया कि पकड़े गए तीनों तस्कर पंजाब के हैं जो कि डबवाली में हेरोइन सप्लाई करने की फिराक में थे। पकड़े गए तस्करों की पहचान पंजाब निवासी लवप्रीत सिंह, राजदीप व अमनिंद्र सिंह के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि कार सवार तीन लोग पंजाब से डबवाली में हेरोइन सप्लाई करने की फिराक में हैं।

पुलिस ने सूचना के आधार पर सीआईए कालांवाली प्रभारी सुरेश कुमार की अगवाई में भारतमाला पुल के नजदीक डेरा कैंटीन पर पहुंची और वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान डेरा कैंटीन के पास एक कार खड़ी दिखाई दी, जिसमें तीन युवक बैठे थे। पुलिस ने शक के आधार पर कार की तलाशी ली तो उसमें से करीब डेढ़ किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने तीनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि पकड़ी गई हेरोइन की कीमत करीब तीन करोड़ रुपये आकी जा रही है।

आरोपियों के खिलाफ ममाला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। डीएसपी ने बताया कि पकड़े गए एक आरोपी के खिलाफ पंजाब में पहले ही मामला दर्ज है। आरोपी नशे के आदी हैं। आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा और रिमांड अवधि के दौरान हेरोइन तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ की जाएगी।

इसके अलावा पुलिस ने बाइक सवार दो युवकों को गांव मेहनाखेड़ा क्षेत्र से हजारों रुपये का सात किलोग्राम चूरापोस्त सहित गिरफ्तार किया है। सीआईए ऐलनाबाद पुलिस टीम प्रभारी ने बताया कि पुलिस टीम गश्त के दौरान गांव मेहना खेड़ा की तरफ जा रही थी। इस दौरान गांव मेहना खेड़ा के नजदीक सामने से बाइक पर प्लास्टिक थैला लेकर दो युवक आते दिखाई दिए।

बाइक सवार युवकों ने सामने पुलिस की गाड़ी को देखकर अचानक बाइक को वापस मोडक़र भागने का प्रयास किया। शक के आधार पर पुलिस ने बाइक सवार युवकों को काबू कर थैले की तलाशी ली तो उसमें से सात किलो ग्राम डोडा चूरा पोस्त बरामद हुआ । उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियो की पहचान संदीप व रविंद्र के रुप में हुई है। आरोपियों के खिलाफ थाना ऐलनाबाद में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story