नूंह पुलिस ने मुठभेड़ में दो गौ तस्कर किए काबू, दो फरार

WhatsApp Channel Join Now
नूंह पुलिस ने मुठभेड़ में दो गौ तस्कर किए काबू, दो फरार


नूंह, 20 सितंबर (हि.स.)। नूंह जिले के सदर थाना क्षेत्र के गांव घासेड़ा के नजदीक रविवार तड़के फिरोजपुर झिरका सीएस स्टाफ और गौ तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान हुई क्रॉस फायरिंग में दो गौ तस्करों के पैर में गोली लगी। पुलिस ने दोनों को काबू कर लिया, जबकि अंधेरे का फायदा उठाकर दो आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल आरोपियों को उपचार के लिए शहीद हसन खां मेवाती मेडिकल कॉलेज, नल्हड़ में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार उपनिरीक्षक महेंद्र सिंह, प्रभारी सीएस स्टाफ फिरोजपुर झिरका के नेतृत्व में टीम को सूचना मिली थी कि गौ तस्कर गुरुग्राम-सोहना-नूंह के रास्ते गोवंश को गौकशी के लिए राजस्थान की ओर ले जाने वाले हैं। सूचना के आधार पर टीम ने गांव घासेड़ा के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।

इसी दौरान एक अर्टिगा कार करीब 50-60 मीटर पहले रुक गई और चालक ने वाहन को वापस मोड़ने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने सरकारी वाहन से कार को रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने पुलिस वाहन में टक्कर मार दी। पुलिस के अनुसार, कार में कंडक्टर साइड बैठे व्यक्ति ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की।

दोनों तरफ से हुई क्रॉस फायरिंग के दौरान दो आरोपी गोली लगने से घायल हो गए, जबकि दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने घायल आरोपियों को काबू कर उनकी पहचान शमशाद उर्फ सेंदा निवासी उटावड़, जिला पलवल और रोबिन निवासी आलीमेव, जिला पलवल के रूप में की है। पूछताछ में दोनों ने फरार आरोपियों के नाम भी पुलिस को बताए हैं।

पुलिस ने मौके से अर्टिगा कार में ले जाए जा रहे तीन गोवंश बरामद किए। इसके अलावा दो देसी कट्टे, चार जिंदा कारतूस और तीन खाली खोल बरामद किए गए हैं। पुलिस ने अर्टिगा कार को भी कब्जे में ले लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी रोबिन के खिलाफ पहले से 12 मुकदमे दर्ज हैं और वह पूर्व में इनामी बदमाश रह चुका है। वहीं शमशाद उर्फ सेंदा के खिलाफ दो मुकदमे दर्ज हैं और वह राजस्थान पुलिस की ओर से 3 हजार रुपये का इनामी बताया गया है। पुलिस अन्य जिलों और राज्यों में भी आरोपियों के खिलाफ दर्ज मामलों का रिकॉर्ड खंगाल रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। घायल आरोपियों का उपचार कराया जा रहा है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमों द्वारा संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

Share this story