सिरसा: राहुल हत्याकांड के तीन आरोपी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
सिरसा: राहुल हत्याकांड के तीन आरोपी गिरफ्तार


सिरसा, 30 अक्टूबर (हि.स.)। पुलिस ने राहुल हत्याकांड के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सिरसा सैम कुमार, सन्नी कुमार व सक्षम वर्मा के रूप में हुई है। उल्लेखनीय है कि मृतक के परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी न होने तक शव का अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में संलिप्त तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

शहर थाना प्रभारी संतोष कुमार ने शुक्रवार को बताया कि 27 अक्तूबर की रात्रि को बाइक सवार तीन दोस्तों पर शिव चौक के पास कुछ युवकों ने हमला कर दिया था। हमले में राहुल और अरुण कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए थे। तीसरे दोस्त साहिल ने दोनों घायलों को नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां से चिकित्सकों ने उन्हें रेफर कर दिया। बाद में परिजन उन्हें निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। राहुल की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बठिंडा एम्स रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। अरुण कुमार का सिरसा के निजी अस्पताल में उपचार जारी है ।

पुलिस के अनुसार घायल अरुण कुमार ने शिकायत में बताया कि वह अपने दोस्तों राहुल और साहिल के साथ बाइक पर जा रहा था। शिव चौक के पास कीर्ति नगर निवासी सुजल व अन्य युवकों ने उनका रास्ता रोककर हमला कर दिया। हमलावरों ने चाकुओं से वार कर राहुल और अरुण को गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीडि़त के बयान के आधार पर चार नामजद सहित आठ अन्य आरोपियों के खिलाफ शहर थाना में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। प्रारंभिक जांच में साहिल और सुजल के बीच पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के हवाले कर दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769616 Articles

Share this story