जींद में दुकानदार से मांगी दो लाख की फिरौती

WhatsApp Channel Join Now
जींद में दुकानदार से मांगी दो लाख की फिरौती


जींद, 19 मई (हि.स.)। गोहाना रोड स्थित आटा चक्की में चिट्‌ठी रख कर दुकान मालिक से दो लाख रुपये की चौथ मांगी। चौथ मांगने वालों ने दो मोबाइल सिम जो बैंक खातों से लिंक हों की भी डिमांड की है। चार दिन में मांग पूरी न होने पर जान से मारने की धमकी दी गई है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने आटा चक्की मालिक की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ चौथ मांगने तथा धमकी देने का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

लक्ष्मी नगर निवासी विनोद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने गोहाना रोड पर फ्लाईओवर के निकट आटा चक्की लगाई हुई है। आज सुबह जब उसने आटा चक्की का शटर उठाया तो दुकान में एक चिट्‌ठी पड़ी मिली। जिसमें लिखा था कि हमें दो लाख रुपये नगद चाहिए। इसके अलावा दो मोबाइल सिम जो एटीएम कार्डों से लिंक हों।

दो एटीएम कार्ड, जहां पर रखने हैं वह जगह गोहाना रोड पर एक गांव के निकट किलोमीटर पत्थर के निकट रखी ईटों के नीचे है। डिमांड चार दिन में पूरी नही हुई तो उसे जान से हाथ गंवाना होगा। सिविल लाइन थाना पुलिस ने विनोद कुमार की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ अज्ञात लोगों के खिलाफ चौथ मांगने, धमकी देने समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मंगलवार को जानकारी देते हुए सिविल लाइन थाना प्रभारी पूजा ने बताया कि चिट्‌ठी दुकान में रख चौथ राशि मांगने की शिकायत मिली थी। जिस पर मामला दर्ज कर लिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story