जींद : 32 जोड़ों ने एक साथ लिया सात जन्मों में बंधने का संकल्प

WhatsApp Channel Join Now
जींद : 32 जोड़ों ने एक साथ लिया सात जन्मों में बंधने का संकल्प


जींद, 15 मार्च (हि.स.)। अर्जुन स्टेडियम में रविवार को युवा मित्र मंडल जींद द्वारा सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें एक साथ 32 जोड़ों ने सात जन्मों तक साथ निभाने का संकल्प लिया। इन 32 जोड़ों के विवाह समारोह के साक्षी हजारों लोग बने। करीब 500 जरूरतमंद कन्याओं का पहले विवाह करा चुकी युवा मित्र मंडल जींद संस्था के तत्वावधान में अर्जुन स्टेडियम में आयोजित इस ऐतिहासिक समारोह में बेटियों को आशीर्वाद देने के लिए नेता और अनेकों समाज सेवी अतिथि के तौर पर पहुंचे।

समारोह में हरियाणा राज्य सूचना आयुक्त कर्मवीर सैनी, नगर परिषद चेयरपर्सन डा. अनुराधा सैनी, समाजसेवी एवं कांग्रेसी नेता पवन गर्ग, राजेंद्र सैनी, राजू लखीना, डा. रजनीश जैन सहित अन्य प्रबुद्धों ने विशेष अतिथि के तौर पर शिरकत की। सामूहिक विवाह समारोह के पंडाल में जहां एक मंच पर दूल्हा, दुल्हन बैठे थे तो दूसरी तरफ मायका और बाराती पक्ष के लिए भोजन की व्यवस्था की गई थी।

संस्था के प्रधान पवन सिंगला, उपप्रधान सोनू जैन ने कहा कि सामूहिक विवाह दहेज मुक्त, जाति भेद मुक्त हिन्दुस्तान बनाने का रास्ता हैं। इस समारोह के मार्फत जो बेटियां विवाह बंधन में बंधी हैं, वे बेहद ही सौभाग्यशाली हैं। उन्होंने कहा कि जींद की धरा पर युवा मित्र मंडल जींद हर वर्ष बेटियों के हित में जो सराहनीय कार्य करती है उसकी दूर-दूर तक प्रशंसा होती है। ऐसी संस्थाओं का समाज की मजबूती में अहम रोल होता है। नगर परिषद चेयरपर्सन डा. अनुराधा सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार ने बेटियों के हित में अनेको योजनाएं चलाई हुई है।

इसलिए ऐसी योजनाओं का जरूरतमंद परिवार जरूर लाभ ले। समाज सेवी पवन गर्ग ने इस सामूहिक विवाह समारोह में सहयोग के तौर पर एक लाख की राशि देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि जरूरमंदों का सहयोग करने वाली संस्थाओं को हमेशा सम्मान मिलता है। युवा मित्र मंडल प्रधान पवन सिंगला और उपप्रधान सोनू जैन ने कहा कि 2011 में 11 कन्याओं की शादी कराने का जो सिलसिला शुरू किया था। उसके नतीजन युवा मित्र मंडल करीब 500 जोड़ों को एकसूत्र में बांध चुका है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story