हरियाणा देश का सबसे असुरक्षित राज्य, यहां संगठित अपराध सबसे ज्यादा: पूर्व सीएम हुड्डा

WhatsApp Channel Join Now
हरियाणा देश का सबसे असुरक्षित राज्य, यहां संगठित अपराध सबसे ज्यादा: पूर्व सीएम हुड्डा


चनौत गांव के साथ हुआ धोखा, टी लगने के बावजूद सरकार ने नहीं दिया पानी

रोहतक, 12 जुलाई (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने हिसार के चनौत आंदोलन पर दोहराया कि सरकार ने गांव वालों के साथ धोखा किया है। इसके अलावा पूर्व सीएम ने कहा कि हरियाणा देश का सबसे असुरक्षित राज्य, यहां पर संगठित अपराध सबसे ज्यादा है। प्रदेश की जनता भय माहौल में है।

रविवार को पूर्व सीएम अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। चनौत गांव को लेकर पूर्व सीएम ने सरकार पर सवाल उठाएं और कहा कि यह एक तरह से गांव वालों के साथ बहुत बड़ा धोखा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की मौजूदगी में गांव के लिए सरकार के आदमी ने टी लगाई थी, उसको भी बाद में उखाड़ दिया गया और टी को अवैध बताया गया। लेकिन आज तक सरकार इस सवाल का जवाब नहीं दे पाई है कि अगर टी अवैध थी और उसे लगाने का फैसला सरकार का नहीं था, तो टी लगवाते हुए प्रशासन मौके पर क्यों मौजूद था, वो उस समय मूकदर्शक क्यों बना रहा। पीएम मोदी के हरियाणा दौरे पर हुड्डा ने कहा कि हाइड्रोजन ट्रेन चलाना अच्छी बात है, लेकिन बीजेपी को ये भी बताना चाहिए कि जिस रेलवे लाइन पर ये ट्रेन चलेगी, वो किसने बनवाई, सोनीपत से जींद वाया गोहना, रेलवे लाइन की स्थापना कांग्रेस सरकार ने की थी। अगर प्रधानमंत्री हरियाणा आ रहे हैं तो हमारी मांग है कि वो हरियाणा के पानी पर फैसला करवाकर जाएं।

क्योंकि सुप्रीम कोर्ट से एसवाईएल को लेकर फैसला बरसों पहले आ चुका है। लेकिन आज तक भी केंद्र सरकार ने उसे लागू नहीं करवाया और हरियाणा को पानी नहीं दिलवाया। हुड्डा ने कहा गुरुग्राम और नूंह में इलेवन पावर प्राइवेट लिमिटेड को समानांतर बिजली वितरण लाइसेंस देना निजीकरण की दिशा में एक नुकसानदेह कदम है। कांग्रेस पार्टी इसका पुरजोर विरोध करती है। यह जनविरोधी फैसला वापिस लिया जाए। राजस्व का एक-तिहाई हिस्सा गुरुग्राम से मिलता है। जहां इसे निजी कंपनियों में सौंपने से निगम की आर्थिक स्थिति बिगड़ जाएगी। बढ़ते अपराध पर नेता प्रतिपक्ष ने एक बार फिर चिंता जाहिर की और कहा कि हरियाणा देश का सबसे असुरक्षित राज्य है। क्योंकि यहां ऑर्गेनाइज्ड क्राइम सबसे ज्यादा है। बदमाश बेखौफ होकर लूट, डकैती, फिरौती, फायरिंग और हत्या जैसी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। इस दौरान विधायक भारत भूषण बत्रा ने कहा कि पीजीआई को 30 फुट का एक और नया रास्ता जल्द मिलेगा। इसके लिए उन्होंने 16 करोड़ रुपए मंजूर करवाए हैं। इस सड़क से शहर का ट्रैफिक प्रेशर कम होगा और मरीजों व तीमारदारों को इसका लाभ मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल

Share this story