हिसार : करवा चौथ और दिवाली पर बाजारों से मंदिरों तक चप्पे-चप्पे पर पुलिस की रहेगी नजर

WhatsApp Channel Join Now
हिसार : करवा चौथ और दिवाली पर बाजारों से मंदिरों तक चप्पे-चप्पे पर पुलिस की रहेगी नजर


हिसार : करवा चौथ और दिवाली पर बाजारों से मंदिरों तक चप्पे-चप्पे पर पुलिस की रहेगी नजर


आमजन की सुरक्षा के लिए वर्दी के साथ सिविल वेश में भी तैनात रहेंगे पुलिसकर्मी

दुकानदार निर्धारित पार्किंग में ही खड़े करें दोपहिया वाहन, नियमों की अवहेलना

पर होगी कार्रवाई

हिसार, 28 अक्टूबर (हि.स.)। करवा चौथ और दिवाली के त्योहारों को देखते हुए

पुलिस ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। शहर के प्रमुख बाजारों, मंदिरों,

भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए

जा रहे हैं। त्योहारों के दौरान आमजन की सुरक्षा, सुचारु यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था

बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है, ताकि नागरिक बिना किसी भय के खरीदारी कर सकें और

अपने परिवार के साथ त्योहारों का आनंद ले सकें।

त्योहारों के दौरान बाजारों और मंदिरों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिसकर्मियों

की तैनाती की गई है। वर्दीधारी पुलिस बल के साथ सिविल वेश में भी पुलिसकर्मी तैनात

रहकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगे। प्रमुख बाजारों, धार्मिक स्थलों, प्रवेश एवं

निकास मार्गों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। महिलाओं की सुरक्षा

सुनिश्चित करने के साथ जेबकतरी, चोरी, छीनाझपटी और अन्य आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम

के लिए पुलिस सतर्क रहेगी। इसके अलावा, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर विशेष

ध्यान दिया जाएगा, ताकि बाजारों में खरीदारी करने आने वाले लोगों को जाम की समस्या

का सामना न करना पड़े और आपातकालीन सेवाओं के आवागमन में बाधा न आए।

राजगुरु मार्केट और न्यू राजगुरु मार्केट के बीच दुकानदारों के दोपहिया वाहनों

के लिए निर्धारित पार्किंग की व्यवस्था की गई है। हिसार पुलिस ने सभी दुकानदारों से

अपील की है कि वे अपने दोपहिया वाहन निर्धारित पार्किंग में ही खड़े करें। बाजार के

अंदरूनी रास्तों और आवागमन वाले स्थानों पर वाहन खड़े करने से भीड़ बढ़ती है, पैदल

चलने वाले लोगों को परेशानी होती है और यातायात बाधित होता है। निर्धारित पार्किंग

के बजाय बाजार के रास्तों या प्रतिबंधित स्थानों पर वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ

नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने दुकानदारों से अपील की है कि वे यातायात व्यवस्था

बनाए रखने में सहयोग करें, ताकि बाजार में आने वाले लोगों को सुरक्षित और सुविधाजनक

माहौल मिल सके।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768414 Articles

Share this story