हिसार : स्वतंत्रता दिवस पर पुलिस अलर्ट, 270 पुलिसकर्मी तैनात
समारोह स्थल पर बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा, सादे
कपड़ों में पुलिसकर्मी भी रखेंगे निगरानी
बम डिस्पोजल टीम और डॉग स्क्वायड से होगी जांच
हिसार, 13 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस-2026
को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और गरिमापूर्ण माहौल में संपन्न करवाने के लिए पुलिस ने सुरक्षा
एवं यातायात व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद कर दिया है। समारोह स्थल और आसपास के क्षेत्रों
में 270 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। समारोह स्थल के चप्पे-चप्पे पर पुलिस की
पैनी नजर रहेगी, वहीं सादे कपड़ों में तैनात पुलिसकर्मी भी संदिग्ध गतिविधियों और असामाजिक
तत्वों पर नजर रखेंगे।
एसपी सिद्धांत जैन ने गुरुवार काे बताया कि स्वतंत्रता दिवस
समारोह के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। समारोह स्थल के
प्रवेश और निकास द्वार, पार्किंग क्षेत्र, वीआईपी जोन, मंच के आसपास तथा अन्य महत्वपूर्ण
स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। समारोह स्थल में प्रवेश से पहले सुरक्षा
जांच और फ्रिस्किंग की जाएगी तथा संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं पर विशेष निगरानी रखी
जाएगी। पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलते
ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत करवाकर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने
बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मियों
की तैनाती की गई है।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान यातायात व्यवस्था
को सुचारू बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने भी विशेष योजना तैयार की है। समारोह स्थल
के आसपास वाहनों की आवाजाही, पार्किंग और यातायात नियंत्रण के लिए पुलिसकर्मियों की
ड्यूटी लगाई गई है। आवश्यकता के अनुसार रूट डायवर्जन भी किया जाएगा। पुलिस ने आमजन
से अपील की है कि निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करें और यातायात व्यवस्था
बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।
समारोह स्थल और आसपास के महत्वपूर्ण स्थानों पर
एंटी-सबोटाज चेकिंग भी करवाई जाएगी। बम डिस्पोजल टीम और डॉग स्क्वायड द्वारा परिसर,
पार्किंग स्थल और अन्य संवेदनशील स्थानों की जांच की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील
की है कि किसी भी लावारिस या संदिग्ध वस्तु को हाथ न लगाएं और ऐसी वस्तु दिखाई देने
पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।
एसपी ने बताया कि समारोह के दौरान ड्रोन अथवा
अन्य संदिग्ध गतिविधियों पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी। बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने
वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। समारोह में शामिल होने वाले मुख्य अतिथि,
विशिष्ट अतिथियों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों की सुरक्षा निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार
सुनिश्चित की जाएगी।
एसपी सिद्धांत जैन ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस
देश के गौरव और सम्मान का पर्व है। इसे सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न करवाना
पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने आमजन से अपील की कि समारोह स्थल पर अनावश्यक सामान
लेकर न आएं, निर्धारित प्रवेश मार्ग और पार्किंग व्यवस्था का पालन करें तथा किसी भी
संदिग्ध व्यक्ति या लावारिस वस्तु की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

