हिसार : विद्यार्थियों में तकनीकी दक्षता के साथ अच्छे संस्कार भी जरूरी : प्रो. विजय कुमार
हिसार, 27 अक्टूबर (हि.स.)। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान
एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट प्रकोष्ठ के कंपनी कनेक्ट
क्लब की ओर से कॉर्पकनेक्ट सप्ताह 2.0 का आयोजन किया गया। इस पहल के तहत 126 विद्यार्थियों
ने 25 प्राध्यापकों के साथ विभिन्न औद्योगिक इकाइयों का दौरा किया और 187 कंपनियों
के प्रतिनिधियों से संवाद कर रोजगार, इंटर्नशिप तथा उद्योग आधारित प्रशिक्षण के अवसरों
की संभावनाएं तलाशीं।
विश्वविद्यालय के प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट प्रकोष्ठ
के सेमिनार हॉल में आयोजित सम्मान समारोह में कुलपति प्रो. विजय कुमार मुख्य अतिथि
के रूप में उपस्थित रहे। जिंदल इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड, हिसार के मानव संसाधन
प्रमुख विकास प्रधान विशिष्ट अतिथि रहे, जबकि समारोह की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के
प्लेसमेंट निदेशक डॉ. प्रताप सिंह ने की।
मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. विजय कुमार ने मंगलवार काे कहा कि
विद्यार्थियों को तकनीकी दक्षता के साथ अच्छे संस्कार, नैतिक मूल्य, अनुशासन, ईमानदार
आचरण और दूसरों के प्रति सम्मान की भावना भी विकसित करनी चाहिए। शिक्षा का उद्देश्य
केवल कुशल पेशेवर तैयार करना नहीं, बल्कि मजबूत चरित्र वाले जिम्मेदार नागरिक बनाना
भी है, जो देश की सांस्कृतिक विरासत का सम्मान करें। उन्होंने विश्वविद्यालय और उद्योग
जगत के बीच संपर्क मजबूत करने के लिए प्राध्यापकों, विद्यार्थियों तथा स्वयंसेवकों
के सामूहिक प्रयासों की सराहना की।
विशिष्ट अतिथि विकास प्रधान ने विद्यार्थियों
को व्यावसायिक विकास के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने संचार कौशल, तकनीकी दक्षता,
सामूहिक कार्य, समस्या समाधान, समय प्रबंधन और परिस्थितियों के अनुरूप स्वयं को ढालने
की क्षमता विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त
करने और करियर में आगे बढ़ने के लिए साक्षात्कार की तैयारी, समय की पाबंदी, व्यावसायिक
शिष्टाचार, सकारात्मक सोच तथा निरंतर सीखने की आदत बेहद महत्वपूर्ण हैं।
स्वागत संबोधन में प्लेसमेंट निदेशक डॉ. प्रताप
सिंह ने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों और प्राध्यापकों की टीमों ने
विभिन्न औद्योगिक संस्थानों का दौरा किया। इस दौरान कंपनियों के मानव संसाधन प्रतिनिधियों
से संवाद कर विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों और पाठ्यक्रमों की जानकारी साझा
की गई। इस संपर्क अभियान में विनिर्माण, इंजीनियरिंग,
वाहन उद्योग, मुद्रण, पैकेजिंग, सूचना प्रौद्योगिकी, डिजिटल सेवाओं, खाद्य, औषधि, निर्माण
सामग्री और बैंकिंग सहित विभिन्न क्षेत्रों के संस्थानों को शामिल किया गया। स्वयंसेवक दल में डेटा एक्सप्लोरेशन टीम की प्रमुख
राशि, डेटा प्रबंधन टीम की प्रमुख साक्षी, आउटरीच टीम की प्रमुख हिमानी और मीडिया टीम
के प्रमुख अरविंद शामिल रहे। सम्मान समारोह का संचालन साहिल और राशि ने किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

