नूंह: 50वीं बार रक्तदान कर महेश सिंह मलिक ने पूरा किया रक्तदान का अर्धशतक

WhatsApp Channel Join Now
नूंह: 50वीं बार रक्तदान कर महेश सिंह मलिक ने पूरा किया रक्तदान का अर्धशतक


नूंह, 02 अक्टूबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान के तहत अखिल भारतीय रक्तदान दिवस के अवसर पर जिला रैड क्रॉस सोसायटी नूंह की ओर से शुक्रवार काे राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) नगीना में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन उपायुक्त एवं जिला रैड क्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष अखिल पिलानी के मार्गदर्शन में किया गया।

शिविर में जिला रैड क्रॉस सोसायटी नूंह के जिला प्रशिक्षण अधिकारी महेश सिंह मलिक ने 50वीं बार रक्तदान कर रक्तदान का अर्धशतक पूरा किया। वहीं लिपिक नरेश कुमार ने भी 47वीं बार स्वैच्छिक रक्तदान किया। दोनों रक्तदाताओं को उनकी सेवा भावना के लिए उपस्थित अधिकारियों एवं स्टाफ सदस्यों ने बधाई दी। रक्तकोष मांडीखेड़ा की प्रभारी डॉ. स्वाति यादव ने रक्तदान के महत्व की जानकारी देते हुए बताया कि 18 से 60 वर्ष की आयु का स्वस्थ व्यक्ति, जिसका वजन कम से कम 50 किलोग्राम और हीमोग्लोबिन 12.5 ग्राम या इससे अधिक हो, चिकित्सकीय जांच के बाद रक्तदान कर सकता है। उन्होंने बताया कि पुरुष 90 दिन तथा महिलाएं 120 दिन के अंतराल के बाद दोबारा रक्तदान कर सकती हैं।

जिला प्रशिक्षण अधिकारी महेश सिंह मलिक ने कहा कि रक्तदान की सेवा से बढ़कर कोई सेवा नहीं है। रक्तदान के माध्यम से किसी जरूरतमंद मरीज के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण सहयोग मिलता है। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने और समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जन्मदिन, माता-पिता के जन्मदिन, बुजुर्गों की पुण्यतिथि, शादी की सालगिरह, महापुरुषों की जयंती और शहीदी दिवस जैसे अवसरों को रक्तदान के माध्यम से समाजसेवा के लिए समर्पित किया जा सकता है। नियमित स्वैच्छिक रक्तदान से जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में मदद मिलती है। मलिक ने कहा कि 50वीं बार रक्तदान करना उनके लिए गौरव का विषय है, लेकिन वास्तविक संतुष्टि इस बात की है कि रक्तदान के माध्यम से किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाने में सहयोग मिलता है। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की। रक्तदान शिविर के सफल आयोजन में राजकीय आईटीआई नगीना के प्रधानाचार्य धर्मेंद्र सिंह, वर्ग अनुदेशक करण सिंह, जैकम, नवीन कुमार, अमित कुमार, विकास सिद्धू, यतिन चावला, सुमित कुमार, दिनेश कुमार, रविदत्त, विवेक कुमार सहित अन्य स्टाफ सदस्यों ने सहयोग किया।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

Share this story