पानीपत: चोरों ने एक ही रात में दो दुकानों के ताले चटकाए, नकदी पर किया हाथ साफ
पानीपत, 16 मार्च (हि.स.)। पानीपत में चोरों ने एक ही रात में दो अलग-अलग जगहों पर दुकानों के ताले चटकाए। चोरों ने रविवार रात को थाना पुराना औद्योगिक क्षेत्र ओर सेक्टर 25 इंडस्ट्रियल एरिया में चोरी को अंजाम दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
असंध रोड स्थित दुकान का ताला तोड़कर करीब 80 हजार रुपए की नकदी पर हाथ साफ किया। दोनों ही चोरियों में चोरों ने दुकान के सामान को हाथ तक नहीं लगाया और केवल नकदी पर ही हाथ साफ किया। चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस मौके से साक्ष्य जुटाने में जुट गई और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों की पहचान की जा सके। सेक्टर 25 निवासी किराना स्टोर चलाने वाले अमित ने बताया कि सोमवार तड़के चोरों ने उनकी दुकान को निशाना बनाया। उनके अनुसार, वारदात अलसुबह हुई। पड़ोसियों ने जब दुकान का शटर उठा हुआ देखा तो उन्हें सूचना दी।
मौके पर पहुंचने पर पता चला कि चोर दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे और गल्ले में रखे 50 से 60 हजार रुपए लेकर रफूचक्कर हो गए। चोरी की दूसरी घटना असंध रोड स्थित धारा मार्केट में हुई। यहां करनाल निवासी वीरेन्द्र शर्मा पिछले 15 वर्षों से अपनी दुकान चला रहे हैं। वीरेन्द्र ने बताया कि सुबह पड़ोस में स्थित नाई की दुकान से उन्हें फोन आया कि उनकी दुकान का शटर खुला है। जब वे दुकान पहुंचे, तो देखा कि बाहर के दोनों ताले गायब थे और अंदर चोरों ने अलमारी का लॉकर खोलकर उसमें रखे 5 हजार से 20 हजार रुपए के बीच की नकदी चोरी कर ली। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद अब पुलिस चोरों की तलाश में सीसीटीवी फुटेज खंगालने में लगी हे।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

