पानीपत: परिवार की मौजूदगी में मकान से लाखों की चोरी
पानीपत, 18 जुलाई (हि.स.)। पानीपत बबैल रोड स्थित गुरुनानकपुरा में चोरों ने एक घर में घुसकर लाखों रुपए की चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोर घर से 80 हजार रुपए की नकदी, दो मोबाइल फोन और चांदी के जेवरात के साथ ही घर में रखे जरूरी कागजात भी चोरी कर ले गए। पीड़ित दिलीप कुमार ने किला थाना पुलिस को दी लिखित शिकायत में बताया कि बीती रात अज्ञात चोरों ने उनके घर को निशाना बनाया। चोरों ने बेहद शातिर तरीके से घर में प्रवेश किया और घर की नकदी सहित कीमती सामान समेटकर ले गए।
पीड़ित के अनुसार, जब परिवार के लोग जागे तो घर का पूरा सामान बिखरा हुआ था व अलमारी खुली पड़ी थी। जांच करने पर पता चला कि चोर अलमारी में रखे 80 हजार रुपए नकद, सोने की दो अंगूठी, दो मोबाइल फोन, चांदी की दो जोड़ी पाजेब चुरा ले गए। चोर मकान की रजिस्ट्री, मोटरसाइकिल के कागजात, पैन कार्ड, बैंक पासबुक और पहचान पत्र जैसी जरूरी चीजें भी अपने साथ ले गए।
थाना किला प्रभारी इंस्पेक्टर दीवान सिंह ने बताया कि शनिवार को दिलीप की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं, ताकि चोरों का जल्द से जल्द पता लगाया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

