पानीपत: समालखा के बंद मकान से लाखों की चोरी

WhatsApp Channel Join Now
पानीपत: समालखा के बंद मकान से लाखों की चोरी


पानीपत, 05 जुलाई (हि.स.)। पानीपत के समालखा कस्बे में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपए के सोने-चांदी के आभूषण सहित नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने वारदात को उस समय अंजाम दिया जब गृहस्वामी पति-पत्नी अपने घर का ताला लगाकर अपनी-अपनी ड्यूटी पर गए हुए थे।

महिला जब शनिवार दोपहर वापस लौटी तो घर के ताले टूटे मिले। थाना समालखा पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। समालखा की गांधी कॉलोनी निवासी निशा ने पुलिस चौकी में दी शिकायत में बताया कि वह कि वह अपने परिवार के साथ कॉलोनी में रहती है और कामकाजी है।

शनिवार को वह और उसके पति संदीप रोजाना की तरह अपने घर के मुख्य दरवाजे का ताला अच्छी तरह बंद करके अपने-अपने काम पर चले गए थे। पीड़िता निशा ने बताया कि दोपहर बाद जब वह अपनी ड्यूटी खत्म करके वापस घर लौटी, तो घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ देख उसके होश उड़ गए। जब उसने घबराकर घर के अंदर जाकर देखा तो कमरों में सामान बिखरा पड़ा था और अंदर रखी लोहे की अलमारी का लॉकर भी टूटा हुआ मिला। जब पीड़िता निशा ने अलमारी के टूटे हुए लॉकर की बारीकी से जांच की, तो उसमें रखे कीमती आभूषण और कैश गायब थे।

निशा के अनुसार चोर अलमारी से सोने की दो अंगूठियां, कानों की एक जोड़ी सोने की बाली, बच्चों के सोने के दो लॉकेट, चांदी की चेन और 21 हजार 500 रुपए नकद चोरी कर ले गए। जिसके बाद निशा ने तुरंत अपने पति संदीप को फोन कर घर बुलाया और समालखा पुलिस चौकी में लिखित दरखास्त दी। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट ने विभिन्न स्थान से उंगलियों के निशान उठाए है। समालखा थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

Share this story