नूंह पुलिस ने गिरफ्तार किए लाखों की चोरी के तीन आरोपी

WhatsApp Channel Join Now
नूंह पुलिस ने गिरफ्तार किए लाखों की चोरी के तीन आरोपी


नूंह, 20 अगस्त (हि.स.)। नूंह शहर में बीती छह अगस्त को एक अधिवक्ता के मकान में हुई करीब 20 लाख रुपये की चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। थाना शहर नूंह पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की रकम में से लाखों रुपये की नकदी, चोरी के पैसों से बनवाई गई सोने की चेन और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

थाना शहर नूंह प्रभारी कुलदीप सिंह ने गुरुवार को बताया कि 6 अगस्त को वार्ड नंबर-10, आर्य समाज मंदिर के पास रहने वाले अधिवक्ता पंकज गुप्ता ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, रात के समय अज्ञात चोर मकान का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए और अलमारी में रखी करीब 20 लाख रुपये की नकदी के अलावा सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए थे। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

वारदात को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के साथ साइबर सेल की मदद से तकनीकी साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में तीन युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर आते और मकान का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देते दिखाई दिए।

पुलिस ने 14 अगस्त को अलवर जिले के बैरावास निवासी उमरदीन उर्फ कुक्कल को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर 15 अगस्त को सामोला निवासी अब्दुल्ला उर्फ अजरुद्दीन तथा 16 अगस्त को शाहपुर नंगली निवासी मुस्तकीम को गिरफ्तार किया गया। पुलिस पूछताछ और रिमांड के दौरान आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर बरामदगी की गई। उमरदीन के कब्जे से चोरी की रकम में से 6 लाख 30 हजार रुपये नकद बरामद हुए। वहीं अब्दुल्ला उर्फ अजरुद्दीन के घर से 4 लाख रुपये नकद और चोरी की रकम से बनवाई गई सोने की चेन बरामद की गई। तीसरे आरोपी मुस्तकीम के कब्जे से 78 हजार 500 रुपये नकद तथा वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद हुई। तीन आरोपियों की गिरफ्तारी से पुलिस ने वारदात का खुलासा करते हुए चोरी की बड़ी रकम बरामद करने में सफलता हासिल की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

Share this story