पानीपत: बंद मकान चोरी का आरोपी गिरफ्तार,पुलिस ने लिया रिमांड
पानीपत, 10 जून (हि.स.)। पानीपत तहसील कैंप क्षेत्र के विजय नगर में एक बंद मकान से आठ लाख रूपए नकद व करीब 15 लाख रूपए कीमत के सोने चांदी के गहनो की चोरी करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान जावा कॉलोनी निवासी राम स्नेह के रूप में हुई है।
पुलिस टीम को मंगलवार देर शाम को मिलीर सूचना पर दबिश देकर आरोपी को औद्योगिक सेक्टर 29 में फ्लौरा चौक से गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की उक्त वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। थाना तहसील कैंप में सन्नी की शिकायत पर अभियोग दर्ज कर पुलिस ने मामले में आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी थी। पूछताछ में खुलासा हुआ आरोपी ने आठ फरवरी की शाम बाइक पर सवार होकर विजय नगर में मकानों की रेकी की।
आरोपी को सन्नी के मकान के मुख्य गेट पर ताला लगा दिखा। इससे आरोपी ने आइडिया लगाया की मकान पर कोई नहीं है। रात के समय आरोपी साथ वाले मकान से सन्नी के मकान के उपर वाले हिस्से पर चढ़ा और खिड़की की जाली तोड़़कर अंदर घुसकर कमरे में रखी लोहा अलमारी से चोरी की। पूछताछ में आरोपी से घर में चोरी की एक व बाइक चोरी की दो अन्य वारदातों का खुलासा हुआ। चोरी की उक्त वारदातों बारे थाना तहसील कैंप में अभियोग दर्ज है। पुलिस ने बुधवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया जहां से उसे पूछताछ करने तथा चोरी की नकदी व गहने बरामद करने के लिए तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

