सोनीपत से कश्मीर में घूमने गए प्रॉपर्टी डीलर के घर लाखों की चोरी

WhatsApp Channel Join Now

सोनीपत, 20 जून (हि.स.)। सोनीपत

में ब्रह्म कॉलोनी स्थित एक प्रॉपर्टी डीलर के घर से करीब 52 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी

के आभूषण, लैपटॉप, टैब और महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना

उस समय हुई जब परिवार कश्मीर घूमने गया हुआ था।

ब्रह्म

कॉलोनी निवासी कमल गाबा ने सिविल लाइन थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 12

जून को परिवार सहित कश्मीर गए थे। घर पर उनका बेटा और दो रिश्तेदार मौजूद थे। 16 जून

को वे किसी कार्य से दिल्ली विश्वविद्यालय चले गए। घर खाली होने का फायदा उठाकर चोर

ने वारदात को अंजाम दिया। वापस लौटने पर घर का सामान बिखरा मिला और अलमारी का सेफ खुला

हुआ था।

जांच

करने पर पता चला कि घर से पांच सोने की चेन, दो इटालियन चेन, मोती की चेन, इटालियन

चूड़ियां, दो कड़े, तीन हीरे की अंगूठियां, बारह अन्य अंगूठियां, ब्रेसलेट, मंगलसूत्र,

नाक की पिन, टॉप्स, लगभग तीन सौ ग्राम चांदी, पांच चांदी की पाजेब सहित बड़ी मात्रा

में आभूषण चोरी हो गए। इसके अलावा घर और दुकान की रजिस्ट्री, सैमसंग लैपटॉप, सैमसंग

टैब तथा अन्य जरूरी दस्तावेज भी गायब मिले।

पीड़ित के अनुसार घर में लगे सीसीटीवी कैमरों

की फुटेज में एक संदिग्ध महिला दिखाई दे रही है। महिला घर के अन्य सदस्यों के बाहर

जाने से पहले ही मकान में प्रवेश करती नजर आ रही है। बाद में वह पीछे के रास्ते से

बैग में सामान लेकर निकलती दिखाई देती है। महिला ने चेहरे को कपड़े से ढका हुआ था,

जिससे उसकी पहचान नहीं हो सकी।

पुलिस

के जनसंपर्क अधिकारी एएसआई रविंद सिंह ने शनिवार को बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी

दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान के प्रयास

किए जा रहे हैं। मामले की जांच के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

Share this story