पानीपत: परिवार की गैर मौजूदगी में मकान से लाखों की चोरी
पानीपत, 11 अप्रैल (हि.स.)। पानीपत के इसराना की विश्वकर्मा कॉलोनी में चोरों ने दिनदहाड़े एक बंद मकान का ताला तोड़कर एक लाख रुपए की नकदी और सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित ने इस चोरी सूचना थाना इसराना पुलिस को दी है। पुलिस को दी गई शिकायत में ओमप्रकाश ने बताया कि वह विश्वकर्मा कॉलोनी में वेदप्रकाश के मकान में किराए पर रहता है।
शुक्रवार की दोपहर जब वह अपनी पत्नी पूजा के साथ कपड़े खरीदने के लिए इसराना बाजार गया जब दंपति कपड़े खरीदकर दो घंटे बाद घर वापस आए, तो उनके होश उड़ गए। घर के अंदर के दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखा, तो सामान बिखरा पड़ा था और लोहे की अलमारी का लॉक टूटा हुआ था। पीड़ित के अनुसार, अज्ञात चोर अलमारी में रखे एक लाख रुपए नकद और भारी मात्रा में जेवरात चोरी कर ले गए।
चोरी हुए आभूषणों में सोने की चेन, सोने की बाली, सोने का लॉकेट, चांदी की चुटकी और पाजेब गायब मिली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके का मुआयना किया। पीड़ित ओमप्रकाश ने पुलिस से गुहार लगाई है कि चोरी किए गए सामान को बरामद किया जाए पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगालने शुरू कर दिए है। ताकि चोरों का सुराग लगाया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

