पानीपत: रेडीमेड कपड़ों की दुकान में लाखों की चोरी

WhatsApp Channel Join Now
पानीपत: रेडीमेड कपड़ों की दुकान में लाखों की चोरी


पानीपत, 25 मई (हि.स.)। पानीपत के चौड़ा बाजार में एक रेडीमेड कपड़ों की दुकान से चोरों ने नकदी सहित लाखों रुपए के कीमती कपड़े चोरी कर लिए गए। चोरों ने इस वारदात को तब अंजाम दिया जब दुकानदार रात के समय दुकान का ऊपर वाला दरवाजा बंद करना भूल गया। सुबह जब दुकान खोली गई तो सारा सामान बिखरा मिला।

सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर दो अज्ञात युवक गल्ला तोड़ते और सामान समेटते हुए नजर आए। पीड़ित दुकानदार ने चोरी की सूचना पुलिस को दी। थाना शहर पानीपत पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पटेल नगर तहसील कैंप के निवासी मोहित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने अपने दोस्त सुनील कुमार नारग निवासी मोहर सिंह चौक के साथ मिलकर चौड़ा बाजार में गांधी बुक डिपो के ठीक सामने साई सैल मेला के नाम से रेडीमेड कपड़ों की एक दुकान खोली हुई है।

23 मई रात के समय दुकान बंद करते वक्त वह दुकान का ऊपर वाला दरवाजा बंद करना भूल गए थे। अगले दिन रविवार को साप्ताहिक अवकाश के कारण बाजार बंद था, सोमवार की सुबह जब मोहित और सुनील दुकान पर पहुंचे और शटर उठाकर अंदर गए, तो उनके होश उड़ गए।

दुकान के अंदर का सारा सामान और कपड़े जमीन पर बिखरे पड़े थे। दुकान में चोरी होने का अहसास होते ही उन्होंने तुरंत दुकान के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को चेक किया। सीसीटीवी फुटेज देखने पर पता चला कि दो अज्ञात युवक दुकान के अंदर घुसे हुए थे। फुटेज में दोनों लड़के दुकान के ऊपर और नीचे बने काउंटरों के गल्लों को उखाड़ते और तोड़ते हुए साफ दिखाई दिए । इसके अलावा, चोरों ने दुकान से कीमती रेडीमेड कपड़े भी उठाए और उन्हें एक पॉलीथीन बैग में भर लिया और वहां से फरार हो गए। चोरों ने 71,500 रुपए नकदी ओर लाखों रुपए की कीमत के रेडीमेड कपड़े भी चुरा लिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

Share this story