हांसी : नारनौंद में सड़क किनारे पेड़ पर युवक ने लगाया फंदा
युवक की मौत से गांव में सनसनी, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
हांसी, 06 जुलाई (हि.स.)। नारनौंद क्षेत्र के गांव में सड़क किनारे पेड़ पर
एक युवक का शव लटका हुआ मिला, जिससे पूरे गांव में सनसनी फैल गई। मृतक के परिजनों ने
युवक की हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया है।
नारनौंद उपमंडल के गांव लोहारी राघो में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब
गांव के ही एक युवक 28 वर्षीय बिट्टू का शव गांव के बाहर सड़क के किनारे एक शीशम के
पेड़ पर लटका हुआ मिला। युवक का शव किसी रस्सी से नहीं बल्कि उसकी खुद की टी-शर्ट का
फंदा बनाया गया था। ग्रामीणों ने इसकी सूचना युवक के परिजनों और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही नारनौंद थाना प्रभारी रमेश कुमार भारी पुलिस बल और युवक
के परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर हांसी के सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजा
जहां पर उसका पोस्टमार्टम करवा कर उसके परिजनों के हवाले कर दिया।
मृतक बिट्टू अपने
तीन भाई बहनों में सबसे बड़ा बताया जा रहा है।
मृतक के परिजनों ने बताया कि बिट्टू हलवाई का काम करता था और रविवार की रात
को करीब 10 बजे खाना खाने के बाद वह बाहर घूमने के लिए निकला था लेकिन देर रात तक घर
नहीं आया लेकिन सोमवार की सुबह करीब पांच बजे ग्रामीणों ने सूचना दी कि गांव के बाहर
नारनौंद सड़क मार्ग पर सड़क किनारे एक युवक का शव लटका हुआ है। जब वहां मौके पर पहुंचे
तो देखा कि उनका ही बेटा बिट्टू टी-शर्ट से के सहारे पेड़ पर लटका हुआ था और उसके दोनों
पांव जमीन पर टिके हुए थे।
थाना प्रभारी रमेश कुमार ने बताया कि फॉरेंसिक की टीम को बुलाकर हर पहलू से
घटना की जांच की गई है। शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

